पटना , जून 24 -- ाजकीय अभियंत्रण महाविद्यालयों में अध्ययनरत अलग-अलग बैच के छात्रों ने बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) की ओर से ली जाने वाली परीक्षाओं में अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है। इस सफलता के बाद इन सभी मेधावियों का अलग-अलग प्रशासनिक पदों के लिए तैनाती दी गई है। विज्ञान, प्रावैधिकी एवं तकनीकी शिक्षा विभाग के अधिकारियों का कहना है कि इंजीनियरिंग कॉलेजों में अध्ययनरत छात्रों की कड़ी मेहनत और गणित जैसे कठिन विषय की संपूर्ण तैयारी की वजह से प्रशासनिक सेवा में उनकी सराहनीय उपस्थिति दर्ज हो रही है।
यदि कुछ उदाहरणों पर गौर करें, तो दरभंगा कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग (डीसीइ), में 02 के18 बैच के पूर्ववर्ती छात्र प्रतीश कुमार ने 70वीं बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद रूरल डेवलेपमेंट ऑफिसर (आरडीओ) पद पर चयन पाने में सफलता हासिल किया है। प्रतीश की यह उपलब्धि उनकी कठिन मेहनत, लगन, अनुशासन एवं दृढ़ संकल्प से संभव हो पाई है।
इसी तरह मधुबनी अभियंत्रण महाविद्यालय में सिविल इंजीनियरिंग विभाग वर्ष 2020 बैच की छात्रा खुशबू कुमारी ने बीपीएससी 70 वीं संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा में 1215 वीं रैंक प्राप्त कर ग्रामीण विकास पदाधिकारी के पद के लिए सफलता अर्जित किया है।
संस्थान के प्राचार्य डॉ. विकास कुमार का कहना है कि खुशबू की सफलता संस्थान के विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उधर, नालंदा अभियंत्रण महाविद्यालय, चंडी में सिविल इंजीनियरिंग विभाग (सत्र 2018-2022) की प्रतिभावान छात्रा येशवरी कुमारी का 70वीं बीपीएससी परीक्षा में ब्लॉक पंचायत राज अधिकारी पद के लिए चयन किया गया है।
इसी तरह से इंजीनियरिंग के कई अन्य ऐसे मेधावी हैं जिन्होंने इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने के दौरान या फिर पास आउट छात्र के रूप में बीपीएससी की अलग-अलग परीक्षाओं में भाग लिया और अपनी योग्यता के दम पर प्रशासनिक पदों तक पहुंचने का सफर को आसान किया। अकेले भागलपुर से कुल सात मेधावियों का अलग-अलग परीक्षाओं के माध्यम से इन पदों के लिए चयन हुआ है।
इनमें भागलपुर कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग में इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग, बैच वर्ष 2016-20 के छात्र नयन कुमार का आपूर्ति निरीक्षक, वर्ष 2009-13 के छात्र अभिषेक कुमार का एसडीएम, वर्ष 2013-17 बैच के कृष्ण कन्हैया का एसडीएम, इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग के अभिषेक अमर (2014-2018 बैच) का राजस्व अधिकारी, मैकेनिकल इंजीनियरिंग के रितिक कुमार (2015-2019 बैच), इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग विभाग के नयन कुमार (2016-2020 बैच) और कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग के शादिक (2018-2022 बैच) का चयन क्रमशः आपूर्ति निरीक्षक पद के लिए हुआ है। साथ ही इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग विभाग की आकांक्षा राज (2015-2019 बैच) ने नगर कार्यपालक पदाधिकारी के सफर को अपनी इंजीनियरिंग की पढ़ाई के माध्यम से आसान किया।
इधर, बीपी मंडल कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग, मधेपुरा से बीटेक की पढाई पूरी करने वाले मु. आदिल ने अपनी कड़ी मेहनत और लगन के बदौलत ग्रामीण विकास पदाधिकारी पद के लिए सफलता हासिल किया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित