नयी दिल्ली , फरवरी 24 -- दिल्ली से लेह जा रही स्पाइसजेट की एक उड़ान इंजन में खराबी के कारण मंगलवार सुबह आधे रास्ते से दिल्ली वापस लौट आयी जहां उसकी आपात स्थिति में सुरक्षित लैंडिंग हुई।

स्पाइसजेट के प्रवक्ता ने बताया कि दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद उड़ान संख्या एसजी-121 के इंजन में खराबी की जानकारी पायलट को मिली। चालक दल के सदस्यों ने सावधानी बरतते हुए दिल्ली वापस लौटने का फैसला किया। यहां दिल्ली में विमान की सुरक्षित लैंडिंग हुई। सभी यात्रियों तथा चालक दल के सदस्यों को सुरक्षित उतार लिया गया है।

सूत्रों के अनुसार, चालक दल के सदस्यों समेत विमान में करीब 150 लोग सवार थे।

उड़ानों की स्थिति को ट्रैक करने वाली एक स्वतंत्र वेबसाइट के अनुसार, विमान ने सुबह 6.08 बजे लेह के लिए उड़ान भरी थी और 6.49 बजे दिल्ली में इसकी वापस लैंडिंग हुई।

एयरलाइंस के बयान में कहा गया है कि इंजन में आग के बारे में कोई सूचना नहीं थी हालांकि तकनीकी खराबी की बात स्वीकार की गई है।

यह बोइंग 737-700 विमान था। सूत्रों ने बताया कि विमान के इंजन नंबर-2 में तकनीकी खराबी आयी थी जो दाहिनी तरफ होता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित