वाराणसी , मार्च 6 -- इंग्लैंड के वेलिंगबोरो नगर के मेयर राज मिश्रा ने शुक्रवार को वाराणसी प्रवास के दौरान महापौर अशोक कुमार तिवारी से उनके कक्ष में शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर महापौर ने उन्हें अंगवस्त्रम एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।
मुलाकात के दौरान नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल सहित नगर निगम के कई पार्षद भी उपस्थित रहे। दोनों जनप्रतिनिधियों ने शहरी विकास, जनसुविधाओं के विस्तार तथा विभिन्न जनकल्याणकारी विषयों पर सकारात्मक चर्चा की।
श्री राज मिश्रा वर्तमान में इंग्लैंड के वेलिंगबोरो टाउन काउंसिल के मेयर हैं। वे मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मिर्ज़ापुर जनपद के निवासी हैं और 13 मई 2025 को वेलिंगबोरो टाउन काउंसिल के पाँचवें मेयर के रूप में निर्वाचित हुए थे। उनका कार्यकाल 13 मई 2025 से 13 मई 2026 तक है। वे यूनाइटेड किंगडम की प्रमुख राजनीतिक पार्टी कंजरवेटिव पार्टी से जुड़े हुए हैं।
किसान परिवार में जन्मे श्री राज मिश्रा ने चंडीगढ़ से बी.टेक तथा लंदन से कंप्यूटर साइंस में एम.टेक की डिग्री प्राप्त की है। इसके अतिरिक्त उन्होंने मैसाचुसेट्स प्रौद्योगिकी संस्थान (एमआईटी) से डेटा साइंस में प्रमाणन भी हासिल किया है। राजनीति में आने से पूर्व वे सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र में लगभग 15 वर्षों तक कार्यरत रहे तथा यूके के रक्षा मंत्रालय एवं बैंकिंग सेक्टर में भी अपनी सेवायें दे चुके हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित