बुलावायो , जनवरी 12 -- कप्तान थॉमस रियू (नाबाद 71) और जोसेफ मूर्स (46) की शानदार पारियों के दम इंग्लैंड की टीम ने सोमवार को वर्षा प्रभावित अंडर-19 विश्व कप अभ्यास मुकाबले में भारत को डीएलएस पद्धति से 20 रनों से हरा दिया।
296 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड 34.3 ओवरों में तीन विकेट पर 196 रन बनाये थे कि इसी दौरान बारिश शुरु हो गई। इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने दूसरे ही ओवर में बीजे डॉवकिंस (आठ) का विकेट गंवा दिया। इसके बाद जोसेफ मूर्स और बेन मेयर्स ने दूसरे विकेट के लिए 77 रन जोड़े। इन दोनों बल्लेबाजों को खिलन पटेल ने आउट किया। जोसेफ मूर्स ने (46) और बेन मेयर्स (34) रन बनाये। खेल राेके जाने के समय कैलेब फाल्कनर (नाबाद 29) और थॉमस रियू (71) रन बनाकर क्रीज पर मौजूद थे।
भारतीय टीम के लिए खिलन पटेल ने दो विकेट लिये। हेनिल पटेल ने एक बल्लेबाज को आउट किया।
इससे पहले अभिज्ञान कुंडु (82), कप्तान आयुष म्हात्रे (49), अमब्रिश (48) और कनिष्क चौहान (नाबाद 45) की जूझारू पारियों के दम पर भारत ने इंग्लैंड को जीत के लिए 296 रनों का लक्ष्य दिया।
आज यहां भारतीय अंडर-19 टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवरों में आठ विकेट पर 295 रनों का चुनौतीपूर्ण स्कोर खड़ा किया। भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उसने तीसरे ही ओवर में धाकड़ बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी (एक) का विकेट गंवा दिया। इसे बाद वेदांत त्रिवेदी (14), विहान मल्होत्रा (10) रन बनाकर आउट हुये। आयुष म्हात्रे ने 40 गेंदों में चार चौके और चार छक्के उड़ाते हुए 49 रनों की पारी खेली।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित