आजमगढ़ , अगस्त 02 -- उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ के देवगांव थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक हादसे ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। कालीचाबाद गांव में पोखरे में नहाते समय एक किशोर गहरे पानी में डूबने लगा तो उसे बचाने के लिए उसका दोस्त भी पोखरे में कूद पड़ा। देखते ही देखते दोनों गहरे पानी में समा गए। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद गांव में मातम और परिजनों में कोहराम मचा है।

पुलिस क्षेत्राधिकार लालगंज भूपेश प्रताप पांडेय ने बताया कि देवगांव थाना क्षेत्र के कालीचाबाद गांव में रविवार को पोखरे में डूबने से कक्षा नौ के दो छात्रों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान अंश मौर्य (14) पुत्र आशुतोष मौर्य, निवासी कालीचाबाद और अल्तमश अंसारी (15) पुत्र पखरे आलम अंसारी, निवासी कालीचाबाद के रूप में हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित