नयी दिल्ली , मई 31 -- रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और ऑस्ट्रेलिया के उप प्रधानमंत्री एवं रक्षा मंत्री रिचर्ड मार्ल्स सोमवार को यहां भारत-ऑस्ट्रेलिया रक्षा मंत्रियों के दूसरे संवाद की सह-अध्यक्षता करेंगे। रक्षा मंत्रालय ने रविवार को बताया कि संवाद के दौरान दोनों देशों के नेता द्विपक्षीय रक्षा सहयोग की प्रगति की समीक्षा करेंगे तथा सहयोग के नए अवसरों की पहचान की जाएगी।
इस दौरान रक्षा एवं सुरक्षा सहयोग को सुदृढ़ करने, सैन्य अंतर संचालनीयता को बढ़ाने, उद्योगों के बीच सहयोग को प्रोत्साहित करने, जिसमें सह-विकास और सह-उत्पादन के अवसरों तथा पारस्परिक रुचि के क्षेत्रीय एवं वैश्विक सुरक्षा संबंधी विषयों पर प्रमुखता से चर्चा की जायेगी।
इस बैठक से द्विपक्षीय रक्षा संबंधों को और अधिक मजबूत करने, रणनीतिक विश्वास एवं सहयोग को बढ़ाने, हिंद-प्रशांत क्षेत्र में स्थिरता और सुरक्षा को प्रोत्साहित करने तथा रक्षा एवं सुरक्षा के क्षेत्र में सहयोग के नए क्षेत्रों की पहचान करने में मदद मिलेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित