हरदोई , फरवरी 26 -- उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने हरदोई में आशुतोष ब्रह्मचारी और यूजीसी को लेकर भाजपा सांसद साक्षी महाराज के बयान पर टिप्पणी करने से परहेज किया। उन्होंने कहा कि मामला न्यायालय में विचाराधीन है, इसलिए इस पर कुछ भी कहना उचित नहीं होगा। श्री पाठक नेहरू डिग्री कॉलेज में आयोजित हीरक जयंती समारोह में भाग लेने पहुंचे थे। पत्रकारों द्वारा जब उनसे प्रयागराज के माघ मेले में शंकराचार्य विवाद और उसमें एक उपमुख्यमंत्री की कथित भूमिका को लेकर पूछे गए सवाल पर प्रतिक्रिया मांगी गई तो उन्होंने कहा कि पूरा मामला न्यायालय में है और न्यायालय के प्रकरणों पर टिप्पणी करना उचित नहीं है। इसी प्रकार साक्षी महाराज के बयान को लेकर पूछे गए प्रश्न पर भी उन्होंने कहा कि जो मामले न्यायालय में लंबित हैं, उन पर कोई टिप्पणी नहीं की जाएगी और न्यायालय के निर्णय की प्रतीक्षा की जाएगी।
समारोह को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री ने हरदोई की स्थानीय बोली में विद्यार्थियों को प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि देश को चंद्रशेखर आजाद और महादेवी वर्मा जैसे व्यक्तित्वों की आवश्यकता है और ऐसे युवा इन्हीं छात्रों में से निकलेंगे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक लाख युवाओं को राजनीति में आगे लाने की बात कही है, जिनका पारिवारिक पृष्ठभूमि राजनीतिक न हो। उन्होंने छात्रों को राजनीति, प्रशासन और अन्य क्षेत्रों में आगे आने के लिए प्रेरित करते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
समारोह में भाजपा एमएलसी संतोष सिंह, प्रदेश उपाध्यक्ष त्र्यंबक तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमवती सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित