भोपाल , सितंबर 22 -- मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के संदर्भ में आरंभ सेवा संकल्प अभियान में मध्यप्रदेश देश में प्रथम स्थान पर है। आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम में लगभग 3 करोड़ 88 लाख दीयें संपूर्ण मध्यप्रदेश में प्रज्ज्वलित किये गये। प्रदेश के लगभग 23 हजार आईकॉनिक एवं प्रमुख स्थलों पर रोशनी की गई। उज्जैन में 33 लाख से अधिक दीप प्रज्ज्वलित कर एक नया विश्व रिकॉर्ड बनाया गया। प्रदेश में 650 से अधिक रक्तदान शिविर आयोजित हुए, जिनमें लगभग 11 हजार यूनिट रक्त एकत्र हुआ।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने यह जानकारी मंगलवार को यहां मंत्रालय में सम्पन्न हुई मंत्रि-परिषद की बैठक से पहले अपने संबोधन में दी। उन्हाेंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत वडनगर से वाराणसी सेवा यात्रा मध्यप्रदेश में प्रवेश कर चुकी है। आगामी 24 और 25 सितंबर प्रधानमंत्री श्री मोदी यात्रा के प्रतिभागियों से संवाद करेंगे और उनके यात्रा के अनुभव जानेंगे। मुख्यमंत्री ने सभी मंत्रियों को अपने-अपने क्षेत्र में यात्रा की व्यवस्थाओं को लेकर जिला प्रशासन के साथ तैयारियों की समीक्षा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 19 से 26 सितंबर तक भाषण और चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित हो रही है। पहले 03 दिन में 36 हजार से अधिक स्कूल-कॉलेजों के 15 लाख से अधिक विद्यार्थी इनमें भाग ले चुके हैं। स्कूल-कॉलेजों में बड़ी संख्या में इन प्रतियोगिताओं में उर्जा और उत्साह से युवा शामिल हों, यह सुनिश्चित किया जाए।
डॉ. यादव ने कहा कि जबलपुर-भोपाल-इंदौर एक नया इंडस्ट्रियल कॉरिडोर बनाया जाएगा। इस कॉरिडोर पर 04 बड़े औद्योगिक क्षेत्र विकसित किए जाएंगे और उनके साथ इंडस्ट्रियल टाउनशिप भी बनाई जायेगी। इन 04 औद्योगिक क्षेत्रों के विकसित होने पर आने वाले समय में 02 लाख से अधिक प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रोजगार सृजित होंगे। प्रदेश के युवाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए इस कॉरिडोर पर स्किल सिटी बनाई जाएगी, जो विकसित मध्यप्रदेश की नई पहचान बनेगी। यहां हर साल 50 हजार से अधिक युवाओं का कौशल विकास और क्षमता वर्धन होगा। इससे युवाओं के कौशल विकास और रोजगार के सपनों को नए पंख मिलेंगे। प्रदेश की यही उद्यमी, कुशल, कर्मठ, ऊर्जा से भरी युवा पीढ़ी विकसित मध्यप्रदेश की आधारशिला रखेगी।
उन्होंने कहा कि प्रदेश ने स्कूल शिक्षा के क्षेत्र एक बड़ी और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। वर्ष 2002-03 में ड्रॉप आउट दर प्राथमिक स्तर पर 15 प्रतिशत और माध्यमिक स्तर पर 24.70 प्रतिशत थी। वर्ष 2025-26 में पहली बार प्राथमिक स्तर पर ड्रॉप आउट दर शून्य हो गई है। माध्यमिक स्तर पर यह दर घटकर 6.2 प्रतिशत और सेकंडरी स्तर पर 13.0 प्रतिशत रह गई है।
उन्होंने कहा कि आगामी जन-विश्वास अभियान 25 सितंबर का तय था। 25 सितंबर को अनंत चतुर्दशी है, इसीलिए अगला जन-विश्वास अभियान 26 सितंबर को आयोजित होगा। वे स्वयं मुरैना में जन-विश्वास अभियान में शामिल होंगे। उन्होंने मंत्रियों को अपने-अपने क्षेत्रों में जन-विश्वास अभियान में शामिल होने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि ग्वालियर को हम देश के एक बड़े टैलीकॉम मैन्युफेक्चरिंग हब के रूप में विकसित कर रहे है। इस क्षेत्र में अधिक से अधिक निवेश कैसे आए, इस दृष्टि से आज 22 सितंबर को बैंगलुरु में निवेश संवाद कार्यक्रम है। सेमीकंडक्टर सेक्टर के क्षेत्र में मध्यप्रदेश में निवेश की व्यापक संभावनाएं हैं। आगामी 23 और 24 अक्टूबर को इंदौर में बड़ा निवेशक सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है। इसमें सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री से जुड़े निवेशक बड़ी संख्या में भाग लेंगे। टेलीकॉम और सेमीकंडक्टर दोनों क्षेत्रों में अधिक से अधिक निवेश लाने पर राज्य सरकार का लगातार फोकस रहेगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में 01 जून से 21 सितंबर तक 865 मिलीमीटर से अधिक वर्षा हो चुकी है। यह आंकड़ा सामान्य वर्षा लगभग 922 मिलीमीटर से लगभग 6 प्रतिशत कम है। राहत की बात ये है कि प्रदेश के 37 जिलों में सामान्य वर्षा हुई है। प्रदेश के 07 जिलों में सामान्य से अधिक वर्षा हुई है। कुल 11 जिले ऐसे हैं, जहाँ सामान्य से कम वर्षा हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित