पटना , अप्रैल 12 -- हिन्दुस्तानी आवाम मोर्चा (से.) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और बिहार के लघु जल संसाधन मंत्री डॉ. संतोष कुमार सुमन ने कहा कि भारतीय संगीत जगत की स्वर साम्राज्ञी आशा भोसले का निधन देश के लिए अत्यंत दुखद और अपूरणीय क्षति है।

डॉ. संतोष कुमार सुमन ने कहा कि आशा भोसले जी की आवाज़ में भारत की आत्मा, उसकी विविधता और उसकी संवेदनशीलता की गूंज थी। उन्होंने अपनी कला के माध्यम से करोड़ों दिलों को जोड़ा और भारत की सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक मंच पर स्थापित किया।यह केवल एक महान कलाकार का निधन नहीं, बल्कि भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के एक स्वर्णिम अध्याय का अवसान है।

मंत्री श्री सुमन ने कहा कि आज जब देश अपनी सांस्कृतिक धरोहरों को सहेजने और आगे बढ़ाने के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहा है, ऐसे समय में आशा भोसले जी का जाना एक ऐसी क्षति है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है। उनका जीवन समर्पण, अनुशासन और निरंतर साधना का प्रेरक उदाहरण है।

डॉ. सुमन ने कहा कि यह क्षण केवल शोक का नहीं, बल्कि उनके आदर्शों और सांस्कृतिक मूल्यों को आत्मसात कर उन्हें आगे बढ़ाने का भी है, जिससे भारत की सांस्कृतिक विरासत और अधिक सशक्त होकर विश्व पटल पर अपनी पहचान बनाए रखे।उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा शोकाकुल परिजनों, प्रशंसकों और समस्त देशवासियों को इस गहन दुःख को सहने की शक्ति दें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित