पटना , अप्रैल 12 -- बिहार के उपमुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता विजय कुमार सिन्हा ने सुप्रसिद्ध पार्श्वगायिका पद्मविभूषण आशा भोसले के निधन पर गहरा शोक जताया है।
श्री सिन्हा ने कहा कि आशा भोसले का जाना भारतीय संगीत और कला जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है । वे भारत के सांस्कृतिक जगत की एक महत्त्वपूर्ण स्तंभ थीं । 20 भाषाओं में गाए गए उनके 11000 से अधिक गाने लोकप्रिय होने के साथ-साथ नई प्रतिभाओं के लिए प्रेरणास्रोत रहे हैं ।
श्री सिन्हा ने कहा कि आशा जी उस मंगेशकर परिवार की अहम धुरी थीं, जिसने पिछले आठ दशकों से लगातार अपनी संगीत-साधना के बूते भारत की वैश्विक पहचान को गढ़ने में योगदान दिया है । स्वरकोकिला स्वर्गीय लता जी के साथ मिलकर उन्होंने कई पीढ़ियों का मनोरंजन किया, जो निश्चित रूप से स्मरणीय और सराहनीय है ।
उप मुख्यमंत्री श्री सिन्हा ने कहा कि आशा जी अपनी मधुर एवं सुरमयी आवाज और विचारों की स्पष्टता के साथ फिल्म जगत सहित भारत के समग्र सांस्कृतिक सरोकारों से भी जुड़ी थीं। उन्होंने कहा कि जब भी देश को उनकी जरूरत पड़ी उन्होंने आगे बढ़कर अपना योगदान दिया है । निश्चित रूप से उनके व्यक्तित्व और योगदान को संगीत के क्षेत्र में ही नहीं बल्कि देश के समग्र सांस्कृतिक क्षेत्र में सराहा और संजोया जाता रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित