मुंबई , अप्रैल 12 -- महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेन्द्र फडणवीस ने आशा भोसले के निधन पर दुख व्यक्त करते हुए रविवार को कहा कि यह भारत के साथ-साथ विश्व भर के संगीत प्रेमियों के लिए दुख का समय है।
श्री फडणवीस ने यहां मीडिया के साथ बातचीत में कहा, "आशा ताई भोसले का निधन दुखद है। यह पूरे भारत के लिए और विश्व के संगीत प्रेमियों के लिए बहुत ही दुख की बेला है। उन्हें सबसे बहुमुखी कलाकार के तौर पर जाना गया। भारत के इतिहास में उन्होंने और पूरे मंगेशकर परिवार ने संगीत की जैसी सेवा की है, वह अमूल्य है।"उन्होंने कहा, "उन्होंने शास्त्रीय संगीत से लेकर पॉप-रॉक तक सभी तरह के गाने गाए और आरडी बर्मन के साथ मिलकर संगीत को एक अलग क्षेत्र में पहुंचाने का काम किया। उन्होंने 20 से ज्यादा भाषाओं में 12000 से ज्यादा गाने गाए। उनका चले जाना हमारे लिए बहुत बड़ी हानि है। उनके परिवार के दुख में हम सभी लोग शामिल हैं।"इस बीच, महाराष्ट्र के संस्कृति मंत्री आशीष शेलार ने बताया कि श्रीमती भोसले का अंतिम संस्कार पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित