चंबल (मध्य प्रदेश) , मई 30 -- पिछले संस्करण में उपविजेता रही चंबल घड़ियाल्स ने आगामी मध्य प्रदेश लीग (एमपीएल) टी20 सिंधिया कप 2026 के लिए अपनी पुरुष और महिला टीमों की घोषणा कर दी है। पुरुष टीम में भारतीय तेज गेंदबाज आवेश खान, ऑलराउंडर शुभम शर्मा और पिछले सीजन के फाइनल में शानदार पचासा लगाने वाले त्रिपुरेश सिंह जैसे प्रमुख खिलाड़ी शामिल हैं, वहीं महिला टीम में अनुभवी ऑलराउंडर पूजा वस्त्रकर को जगह दी गई है।

चंबल घड़ियाल्स के दिव्यराज सिंह किरार ने कहा, "पिछले साल हम खिताब जीतने के बेहद करीब पहुंचे थे, लेकिन वही अनुभव इस बार हमारे बहुत काम आने वाला है। हमें विश्वास है कि हमारी दोनों टीमों में शानदार संतुलन और गुणवत्ता है, जो बेहतरीन प्रदर्शन करने में सक्षम हैं। टीम में प्रदेश के कुछ सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी शामिल हैं, जिनमें अनुभवी खिलाड़ियों और युवा प्रतिभाओं का अच्छा मिश्रण है। एमपीएल युवा खिलाड़ियों के लिए अपनी प्रतिभा दिखाने और क्रिकेट में आगे बढ़ने का एक बेहतरीन मंच बन चुका है।"मध्य प्रदेश लीग (एमपीएल) टी20 सिंधिया कप 2026 का नया सत्र 3 जून से शुरू होगा। पुरुष वर्ग के पहले मुकाबले में ग्वालियर चीताज का सामना उज्जैन फाल्कन्स से होगा। यह मैच होलकर स्टेडियम में खेला जाएगा।

एमपीएल 2026 अब तक का सबसे बड़ा संस्करण होने वाला है, जिसमें पुरुष वर्ग में 10 टीमें और महिला वर्ग में 5 फ्रेंचाइजी हिस्सा लेंगी। जहां पुरुष वर्ग में इस बार तीन नई फ्रेंचाइजी मालवा स्टैलियंस, उज्जैन फाल्कन्स और रॉयल निमाड़ ईगल्स को शामिल किया गया है, तो वहीं महिला वर्ग में भी ग्वालियर शेरनीज और रॉयल निमाड़ ईगल्स के रूप में दो नई टीमें जोड़ी गई हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित