श्रीनगर , अक्टूबर 12 -- आवेश खान और आर्यन पांडे (तीन-तीन विकेट) तथा अक्षय शर्मा (दो विकेट) के बेहतरीन गेंदबाजी प्रदर्शन की बदौलत मध्य प्रदेश ने रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप ए मुकाबले के दूसरे दिन सोमवार को जम्मू-कश्मीर की टीम को 120 रनों पर ढेर कर 76 रनों की बढ़त हासिल कर ली है।
आज यहां जम्मू-कश्मीर ने एक विकेट पर तीन रन से आगे खेलना शुरु किया। सुबह के सत्र में आवेश ने वंशज शर्मा (एक) रन को पगबाधा आउट कर मप्र को दूसरी सफलता दिलाई। इसके बाद बल्लेबाजी करने आये शुभम सिंह पुंडीर ने कामरान इकबाल के साथ पारी को संभालने का प्रयास किया। 17वें ओवर में अक्षय शर्मा ने शुभम सिंह पुंडीर (20) को आउट कर इस साझेदारी को तोड़ा। 25वें ओवर में आर्यन पांडे ने कामरान इकबाल (31) रन को आउट कर पवेलियन भेज दिया। अब्दुल समद (17) रन बनाकर आउट हुये। मध्यप्रदेश के गेंदबाजी आक्रमण के आगे जम्मू-कश्मीर के बल्लेबाज संघर्ष करते दिखाई दिये और उनकी पूरी टीम 46.3 ओवरों में 120 रनों के स्कोर पर सिमट गई। कन्हैया वाधवान ने जम्मू-कश्मीर के लिए सर्वाधिक (नाबाद 35) रनों की पारी खेली। जम्मू-कश्मीर के सात बल्लेबाज दहाई आंकड़े तक भी नहींं पहुंच सके।
मध्यप्रदेश के लिए आवेश खान आर्यन पांडे ने तीन-तीन विकेट लिये। अक्षय शर्मा को दो विकेट मिले। रवि किरण ने एक बल्लेबाज को आउट किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित