पटना, जून 04 -- बिहार के नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री नीतीश मिश्रा ने गुरुवार को नेशनल बिल्डिंग्स कंस्ट्रक्शन कॉर्पोरेशन लिमिटेड (एनबीसीसी (इंडिया) लिमिटेड) के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक डॉ. के. पी. महादेवास्वामी के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में विशेष रूप से आवास बोर्ड की वर्षों से रिक्त पड़ी भूमि का उपयोग करते हुए नए आवासीय परिसरों के निर्माण की योजना पर विस्तृत चर्चा हुई। इस पहल का उद्देश्य विभिन्न आय वर्गों के लोगों को गुणवत्तापूर्ण एवं किफायती आवास उपलब्ध कराना है। साथ ही, भूमि का बेहतर उपयोग सुनिश्चित कर शहरी विकास को नई गति प्रदान की जाएगी। साथ ही, परियोजना के माध्यम से आधुनिक सुविधाओं से युक्त सुव्यवस्थित आवासीय परिसरों के निर्माण की दिशा में भी कार्य किया जाएगा।

मंत्री श्री मिश्रा ने कहा कि बिहार सरकार राज्य के शहरी क्षेत्रों में योजनाबद्ध विकास को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है तथा आम नागरिकों को बेहतर आवासीय और आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।

बैठक के दौरान राज्य में आधारभूत संरचनाओं के विकास, आधुनिक आवासीय परियोजनाओं के निर्माण तथा शहरी क्षेत्रों में नागरिक सुविधाओं के विस्तार से संबंधित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित