पोलावरम , सितंबर 13 -- आंध्र प्रदेश के पोलावरम जिले में एक सरकारी जनजातीय कल्याण आवासीय विद्यालय की नौवीं कक्षा की छात्रा के गर्भवती पाए जाने का गंभीर मामला सामने आने के बाद प्रधानाध्यापिका सहित तीन कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है। इस मामले में हॉस्टल के रसोइये के खिलाफ पॉक्सो अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है।

जनजातीय कल्याण विभाग के उप निदेशक एम. रुखमंतैया के अनुसार, जिले के अडातीगाला गांव में आदिवासी कन्याओं के हॉस्टल में रह रही एक नौवीं कक्षा की नाबालिग छात्रा को स्वास्थ्य संबंधी शिकायत होने पर 10 सितंबर को काकीनाडा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसके गर्भवती होने की पुष्टि की।

घटना के संबंध में अडातीगाला थाने में औपचारिक शिकायत दर्ज कराई गई है। उप निदेशक ने बताया कि पीड़ित छात्रा को आवश्यक चिकित्सा सहायता और परामर्श प्रदान किया जा रहा है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित