सागर , अक्टूबर 24 -- मध्य प्रदेश के सागर जिला मुख्यालय पर मोतीनगर थाना क्षेत्र के आवासीय मकान से लगभग 9 लाख रुपये कीमत के 29 कार्टून विभिन्न प्रकार के पटाखे जब्त किए हैं।

पुलिस का अनुसार धर्माश्री के पास आवासीय कॉलोनी में रोशन केशरवानी नामक व्यक्ति अपने रहवासी मकान में बड़ी मात्रा में अवैध पटाखे भंडारित करने की सूचना मिली थी। कार्रवाई के दौरान रोशन केशरवानी, निवासी कटरा भीतर बाजार, थाना कोतवाली, वर्तमान निवासी धर्माश्री के पास आवासीय कॉलोनी, के कब्जे से लगभग 29 कार्टूनों में रखे विभिन्न प्रकार के पटाखे, जिनकी अनुमानित कीमत करीब Rs.9 लाख है, जब्त किए गए।

प्रारंभिक पूछताछ में संबंधित व्यक्ति द्वारा दीपावली के अवसर पर विक्रय करने के उद्देश्य से बिना लाइसेंस पटाखे रखना बताया गया है। जिस मकान में पटाखे रखे गए थे, वहां परिवार निवास करता है। इसके अतिरिक्त आसपास घनी आबादी होने तथा मकान के पास विद्युत ट्रांसफार्मर स्थित होने के कारण आग अथवा विस्फोट जैसी अप्रिय घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता था।पुलिस द्वारा अवैध पटाखे जब्त कर थाना मोतीनगर में अपराध पंजीबद्ध किया गया है। प्रकरण में पूछताछ एवं वैधानिक कार्रवाई जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित