धमतरी/रायपुर , सितंबर 13 -- छत्तीसगढ़ के धमतरी शहर में आवारा मवेशियों से परेशान लोगों ने रविवार को एक बेकाबू बैल को पकड़कर कोतवाली थाना पहुंचा दिया और उसके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तार करने की मांग की।
मामला शहर के सुंदरगंज वार्ड का है। स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले कई दिनों से एक बेकाबू बैल इलाके में लोगों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ था और अब तक तीन लोगों को घायल कर चुका है। लोगों का आरोप है कि आवारा मवेशियों की समस्या को लेकर नगर निगम में शिकायत किए जाने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।
इसी दौरान बैल ने धमतरी ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष गौतम वाधवानी के घर में भी उत्पात मचाया, जिसमें उनके पिता घायल हो गए। घटना के बाद वार्डवासियों में नाराजगी बढ़ गई और उन्होंने स्वयं बैल को पकड़ने का निर्णय लिया।
स्थानीय लोगों ने बैल को पकड़कर रस्सी से बांधा और वाहन में भरकर कोतवाली थाना ले गए। वहां उन्होंने पुलिस से बैल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने और उसे गिरफ्तार करने की मांग की।
पुलिस ने लोगों को समझाइश देते हुए बताया कि आवारा मवेशियों से संबंधित मामलों में नगर निगम से शिकायत की जानी चाहिए। इसके बाद लोग बैल को अपने वाहन से कांजी हाउस ले गए।
इस मामले में फिलहाल नगर निगम की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित