अलवर , मई 19 -- राजस्थान में अलवर शहर में आवारा पशुओं को पकड़ने गये नगर निगम दल के साथ कथित कुछ युवतियों द्वारा मारपीट और अभद्रता का मामला सामने आया है।

घटना के बाद कोतवाली थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर विभिन्न धाराओं सहित अनुसूचित जाति, जनजाति अधिनियम के तहत मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी है।

शिकायतकर्ता नगर निगम कर्मी प्रिंस चावला ने पुलिस को बताया कि 17 मई की रात करीब साढ़े 12 बजे नगर निगम आयुक्त के आदेश पर उनका दल आवारा गायों को पकड़ने के लिए नंगली सर्किल से एसएमडी चौराहे के बीच अभियान चला रहा था। इसी दौरान वे करीब 20-25 गायों को पकड़कर पैदल ले जा रहीे थे। आरोप है कि तभी एक फॉर्च्यूनर गाड़ी में सवार चार पांच युवतियां वहां पहुंचीं और उन्होंने निगम कर्मियों के साथ गाली-गलौज एवं मारपीट शुरू कर दी। नगर निगम कर्मी ने आरोप लगाया कि हंगामे और व्यवधान के दौरान एक बछड़े को कुत्तों ने मार डाला।

पुलिस ने राजकार्य में बाधा पहुंचाने, मारपीट और जातिसूचक टिप्पणी करने का मामला दर्ज किया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित