बैतूल , अप्रैल 10 -- मध्यप्रदेश में बैतूल जिले के मुलताई नगर में आवारा कुत्तों के हमलों से दहशत का माहौल है। बीते 48 घंटों में अलग-अलग घटनाओं में 23 लोग घायल हो गए हैं, जिनमें बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग शामिल हैं।

शुक्रवार सुबह गांधी चौक क्षेत्र में एक आवारा कुत्ते ने चार लोगों पर हमला कर दिया, जिसमें भाजपा नेता संजय सोनी भी घायल हुए। सभी घायलों को मुलताई के शासकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। अस्पताल में डॉग बाइट के कई मरीज भर्ती होने से स्थिति की गंभीरता स्पष्ट हो रही है।

स्थानीय नागरिकों के अनुसार नगर के कई वार्डों में आवारा कुत्तों की संख्या तेजी से बढ़ रही है और लगातार हमले हो रहे हैं, लेकिन अब तक प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई है। इसको लेकर लोगों में आक्रोश व्याप्त है और उन्होंने प्रशासन से तत्काल ठोस कदम उठाने की मांग की है।

घटना की जानकारी मिलने पर समाजसेवी नरेंद्र गिरी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना। इसके बाद जिला पंचायत अध्यक्ष राजा पवार ने अधिकारियों को निर्देश देकर घायलों के समुचित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा तथा समस्या के स्थायी समाधान पर भी चर्चा की।

नगर पालिका के मुख्य नगर पालिका अधिकारी वीरेंद्र तिवारी ने बताया कि आवारा कुत्तों को पकड़ने और उनकी नसबंदी के लिए जल्द विशेष अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कुत्तों की बढ़ती संख्या पर नियंत्रण के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। नगरवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो वे आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित