अलवर , मई 30 -- राजस्थान के अलवर के जिले में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है और आए दिन लोग कुत्तों के हमलों का शिकार हो रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार ताजा मामला शुक्रवार रात को उद्योग नगर थाना क्षेत्र से सामने आया है, जहां एक पत्थर के संयंत्र में खेल रहे मासूम बच्चे पर आवारा कुत्ते ने अचानक हमला कर दिया। हमले में बच्चे की नाक बुरी तरह जख्मी हो गई।
घायल ऋतिक पत्थर संयंत्र के अंदर खेल रहा था। इसी दौरान अचानक एक आवारा कुत्ता वहां पहुंचा और उसने बच्चे पर हमला कर दिया। कुत्ते ने सीधे बच्चे पर हमला करते हुए उसकी नाक को बुरी तरह नोच डाला। हमले के बाद बच्चे की नाक से तेज खून बहने लगा और वह दर्द से जोर-जोर से चिल्लाने लगा।
बच्चे की चीख-पुकार सुनकर पास के कमरे में काम कर रही उसकी मां तुरंत मौके पर पहुंची और किसी तरह कुत्ते से बच्चे को छुड़ाया। घटना के बाद संयंत्र में अफरा-तफरी मच गई। परिजन तुरंत घायल बच्चे को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे।
चिकित्सकों के अनुसार बच्चे की नाक पर गहरे घाव आए हैं, जिसके कारण टांके लगाने पड़े। फिलहाल बालक का इलाज जिला अस्पताल में जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित