शिवपुरी , मई 31 -- मध्यप्रदेश के शिवपुरी शहर में एक आवारा कुत्ते के हमले में ढाई वर्षीय बालिका सहित कई लोग घायल हो गए। बाद में नगर पालिका के कर्मचारियों ने कुत्ते को पकड़ लिया।
नगर पालिका सूत्रों के अनुसार यह कुत्ता शनिवार दोपहर से शाम तक शहर के विभिन्न क्षेत्रों में लोगों पर हमला करता रहा। नवाब साहब रोड बस्ती में घर के बाहर खेल रही लगभग ढाई वर्षीय वेदिका कुशवाहा पर कुत्ते ने अचानक हमला कर दिया, जिससे उसके चेहरे पर गंभीर चोटें आईं और आंख भी प्रभावित हुई। जिला चिकित्सालय में बालिका के चेहरे पर 35 टांके लगाए गए हैं तथा उसका उपचार जारी है।
सूत्रों ने बताया कि इसके बाद कुत्ते ने सर्किट हाउस रोड, शक्तिपुरम तथा अन्य क्षेत्रों में भी कई लोगों पर हमला कर उन्हें घायल कर दिया। घटना से शहर में दहशत का माहौल बन गया। इसके बाद नगर पालिका के अधिकारी एवं कर्मचारी कुत्ते को पकड़ने के लिए सक्रिय हुए और देर शाम उसे पकड़ लिया गया।
इस घटना के बाद शहर में आवारा कुत्तों की बढ़ती संख्या और उनके आतंक को लेकर लोगों की चिंता फिर सामने आई है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि पिछले एक वर्ष से नगर पालिका से आवारा एवं खतरनाक कुत्तों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की मांग की जा रही है, लेकिन समस्या लगातार बनी हुई है। लोगों ने कहा कि ऐसे कुत्ते विशेष रूप से महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन चुके हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित