कानपुर , अक्टूबर 01 -- उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा आलू उत्पादक किसानों को बाजार भाव में गिरावट से आर्थिक सुरक्षा प्रदान करने तथा शीतगृहों में भंडारित आलू के भंडारण व्यय को कम करने के उद्देश्य से वित्तीय वर्ष 2026-27 में भामाशाह भाव स्थिरता कोष योजना एवं निजी शीतगृहों में भंडारित आलू के भंडारण प्रभार पर अनुदान योजना संचालित की जा रही है।

जिला उद्यान अधिकारी उमेश चन्द्र उत्तम ने गुरुवार को बताया कि भंडारण प्रभार पर अनुदान योजना के तहत निजी शीतगृहों में भंडारित आलू पर किसानों को 100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से अनुदान दिया जाएगा। पात्र किसान को अधिकतम दो हेक्टेयर भूमि के लिए 20,000 रुपये तक का लाभ मिल सकता है। आवेदन के लिए आधार कार्ड, बैंक पासबुक, आलू रोपित क्षेत्रफल के निर्धारण के लिये खसरा-खतौनी, शीतगृह द्वारा जारी आमद रसीद/तकपट्टी/भंडारण रसीद, भंडारण प्रभार भुगतान रसीद, निकासी रसीद एवं गेटपास आदि अभिलेख आवश्यक होंगे।

उन्होंने बताया कि भामाशाह भाव स्थिरता कोष योजना के तहत आलू के बाजार भाव में निर्धारित स्तर से गिरावट आने पर पात्र आलू उत्पादक किसानों को आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। योजना का लाभ लेने के लिए किसान का किसान आईडी धारक होना तथा एग्रीटेक पोर्टल पर पंजीकृत आलू उत्पादक होना आवश्यक है। साथ ही व्यापारी एवं आलू कृषक के मध्य क्रय-विक्रय सौदा (प्रपत्र-06) होना आवश्यक है। रोपित क्षेत्रफल का निर्धारण अद्यतन राजस्व अभिलेखों के आधार पर किया जाएगा। योजना का लाभ प्रदेश की संचालित मंडियों में किसानों द्वारा विक्रय किए गए एफएक्यू गुणवत्ता के 30 से 80 एमएम आकार के आलू पर ही देय होगा।

जिला उद्यान अधिकारी ने बताया कि जनपद के किसान कु. मोहन, कु. चिप्सोना, कु. बहार, कु. ख्याति आदि एफ-1 प्रजातियों के आलू बीज की बुकिंग भी करा सकते हैं। उन्होंने जनपद के समस्त आलू उत्पादक किसानों से अपील की है कि योजनाओं का लाभ लेने के लिए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समय से अपना पंजीकरण/आवेदन potato.uphorticulture.in पोर्टल पर पूर्ण करें। अधिक जानकारी के लिए कार्यालय जिला उद्यान अधिकारी, कानपुर नगर अथवा मोबाइल नंबर 9151066897 पर संपर्क किया जा सकता है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित