चेन्नई , जून 28 -- तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने रविवार को राजधानी चेन्नई में बुजुर्गों की देखभाल के लिए समर्पित अस्पताल 'अतुल्य जेरियाट्रिक केयर हॉस्पिटल' (एजीसीएच) का उद्घाटन किया।
यह अस्पताल बुजुर्गों की देखभाल के लिए मील का पत्थर है, क्योंकि यहाँ पर वृद्धों का विशेष इलाज, रहने की सुविधा और घरेलू देखभाल जैसी सभी जरूरतें पूरी होंगी।
इस अस्पताल की शुरुआत ऐसे समय में हुई है जब देश में बुजुर्गों की आबादी तेजी से बढ़ रही है। राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) के अनुसार, साल 2031 तक भारत में बुजुर्गों की संख्या बढ़कर करीब 19 करोड़ से ज्यादा हो जाएगी। इस हिसाब से देश में बुजुर्गों के लिए चार लाख 'स्पेशल बेड' की जरूरत है, लेकिन अभी सिर्फ 20 हजार बेड ही उपलब्ध हैं। अकेले तमिलनाडु में ही 55 साल से अधिक उम्र के लगभग एक करोड़ लोग हैं। ऐसे में बुजुर्गों के इलाज के लिए यह अस्पताल बहुत मददगार साबित होगा।
इस अस्पताल में 10 से ज्यादा विभागों के 20 से अधिक अनुभवी डॉक्टर तैनात हैं। यहाँ बुजुर्गों के लिए आईसीयू, हड्डी रोग, जनरल सर्जरी, न्यूरोलॉजी, यूरोलॉजी और मानसिक रोग से जुड़े विशेष केंद्र बनाये गए हैं। इसके अलावा दिल की बीमारी, कैंसर और किडनी के मरीजों के लिए भी यहाँ खास इंतजाम हैं।
आमतौर पर बुजुर्गों को एक साथ कई बीमारियां घेर लेती हैं। इसलिए यह अस्पताल किश्तों में इलाज करने के बजाय, बुजुर्गों को लंबे समय तक लगातार देखभाल, पुरानी बीमारियों को प्रबंधित करने और ठीक होने के बाद उनके पुनर्वास पर ध्यान देगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित