कोलकाता , मार्च 17 -- पश्चिम बंगाल के राज्यपाल के रूप में शपथ लेने के तुरंत बाद श्री आर. एन. रवि ने लोकभवन में रिक्त कई महत्वपूर्ण पदों को भरने के लिए राज्य सरकार से कहा है।
प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार मंगलवार को राज्य सचिवालय को एक ईमेल भेजा गया है जिसमें राज्य सरकार से लोकभवन के महत्वपूर्ण पदों को भरने के लिए कहा गया है।
लोकभवन के सूत्रों ने बताया कि राज्यपाल ने उन रिक्तियों को भरने को प्राथमिकता दी है जो लंबे समय से खाली पड़ी हैं। इस कदम का उद्देश्य प्रशासनिक दक्षता में सुधार करना और राज्यपाल कार्यालय के कामकाज को सुचारू बनाना है।
अधिकारियों के मुताबिक राज्यपाल कार्यालय ने सचिव के पद के लिए भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के एक अधिकारी की नियुक्ति का अनुरोध किया है। इसके अलावा विशेष सचिव के पद के लिए एक प्रोन्नत आईएएस अधिकारी की मांग की गई है।
लोकभवन ने दो संयुक्त सचिवों और उप सचिव के पद के लिए राज्य सेवा के तीन अधिकारियों के एक पैनल की भी मांग की है, जिनमें से एक उम्मीदवार का चयन किया जाएगा। कुल मिलाकर, पांच प्रमुख पदों पर नियुक्तियां होने की उम्मीद है।
लोकभवन के एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि शुक्रवार को राज्य सरकार को औपचारिक पत्र भेजा गया था। उन्होंने कहा, "हमें उम्मीद है कि राज्य सरकार इस सप्ताह के भीतर उपयुक्त अधिकारियों के नाम साझा करेगी।"उल्लेखनीय है कि फरवरी 2023 में, पूर्व राज्यपाल सी. वी. आनंद बोस ने तत्कालीन सचिव नंदिनी चक्रवर्ती को राज्यपाल के प्रधान सचिव के पद से हटा दिया था, जिससे प्रशासनिक हलकों में काफी विवाद पैदा हुआ था। उस फैसले के बाद सचिव का पद काफी समय तक खाली रहा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित