देहरादून , सितम्बर 16 -- उत्तराखंड की महिला सशक्तिकरण एवं बाल कल्याण मंत्री रेखा आर्या ने बुधवार को प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिन के अवसर पर केदारपुरम स्थित राजकीय शिशु सदन में बच्चों के साथ केक काटा।

इस अवसर पर बच्चों के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया, जिसमें नन्हें बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग करते हुए अपनी प्रतिभा और कौशल का प्रदर्शन किया।

मंत्री ने बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री श्री धामी बच्चों के लिए एक मामा और वह स्वयं बुआ के रूप में उनके साथ सदैव कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी हैं। उन्होंने कहा कि सरकार बच्चों के बेहतर भविष्य, उनके सर्वांगीण विकास और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि राजकीय शिशु सदन में रह रहे प्रत्येक बच्चे को बेहतर अवसर, आवास,सुरक्षित वातावरण और अपने सपनों को साकार करने के लिए आवश्यक सहयोग मिले ।

उन्होंने कहा कि इसके लिए श्री धामी ने मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना के माध्यम से कोविड-19 महामारी या अन्य बीमारियों के कारण माता-पिता या संरक्षक को खोने वाले बच्चों की देखभाल, पुनर्वास और आर्थिक सहायता का प्रावधान किया गया। जिसके तहत सरकार पात्र बच्चों को 21 वर्ष की आयु तक प्रतिमाह 3,000 रुपये की सहायता दे रही है।

श्रीमती आर्या ने कहा कि इसके साथ ही खेलों मे अपना भविष्य बनाने वाले बच्चों के लिए मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना संचालित की जा रही है। जिसमें 1500 रुपये प्रतिमाह की खेल छात्रवृत्ति प्रदान की जाती है। साथ ही सरकार की नंदा गौरा योजना के माध्यम से बेटियों के जन्म से लेकर उनकी शिक्षा तक आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। जिसमें बेटी के जन्म पर 11 हजार और 12वीं कक्षा पास करने पर 51 हजार की सहायता का राशि दी जाती है। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रदेश का कोई भी बच्चा संसाधनों के अभाव में अपने सपनों से वंचित न रहे। बच्चों को बेहतर शिक्षा, पोषण, सुरक्षा और अपनी प्रतिभा को आगे बढ़ाने के अवसर उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर भविष्य की ओर ले जाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित