देहरादून , जुलाई 03 -- उत्तराखंड की महिला सशक्तिकरण एवं बाल कल्याण मंत्री रेखा आर्या ने राष्ट्रीय निर्वाचन आयोग के प्रदेश में चल रहे विशेष पुनरीक्षण अभियान (एसआईआर) में व्यस्त होने से विभागीय कामकाज प्रभावित होने पर शुक्रवार को कड़ी नाराजगी जतायी।
उन्होंने विधानसभा भवन के सभागार में विभागीय समीक्षा बैठक में निर्देश दिया कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता हर दिन कम से कम एक घंटा अपने केंद्र पर विभागीय कामकाज निपटाएंगें। इसके अलावा अगस्त माह के अंत तक आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाओं के रिक्त पदों पर शत प्रतिशत नियुक्ति सुनिश्चित की जाय।
श्रीमती आर्या ने विभागीय अधिकारियों के साथ विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि विभाग की ज्यादातर योजनाएं केंद्र सरकार द्वारा वित्त पोषित है और उनकी रोजाना ऑनलाइन मॉनिटरिंग की जाती है। अगर इसकी डाटा फीडिंग में लापरवाही की गई तो विभाग को मिलने वाला आगामी बजट प्रभावित हो सकता है। उन्होंने निर्देश दिया कि प्रदेश की हर आंगनबाड़ी महिलाएं बीएलओ के रूप में काम करने के अलावा हर दिन कम से कम एक घंटा अपने केंद्र पर विभागीय कामकाज निपटाएंगी। इस बाबत विभागीय सचिव को सभी जिलाधिकारियों को पत्र लिखने के लिए कहा गया है।
बैठक के बाद श्रीमती आर्या ने बताया कि विभाग ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं की भर्ती के लिए विज्ञप्ति जारी कर दी है। उन्होंने बताया कि कार्यकर्ताओं के 438 और सहायिकाओं के 2773 पदों पर अगस्त माह के अंत तक नियुक्तियां कर दी जाएगी। इसके बाद प्रदेश में इन पदों पर शत प्रतिशत नियुक्तियां पूर्ण हो जाएंगी। उन्होंने प्रदेश के आंगनबाड़ी केंद्रों पर पंजीकृत बच्चों के आधार कार्ड और अपार आईडी कम संख्या में बनने पर भी नाराजगी जताई।
उन्होंने बैठक में वर्चुअल माध्यम से जुड़े सभी जिला प्रोबेशन अधिकारियों को निर्देश दिया कि जुलाई माह के अंत तक सभी बच्चों के आधार कार्ड और अपार आईडी बनाना सुनिश्चित करें, अन्यथा उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। बैठक में आंगनबाड़ी केंद्र में पंजीकृत बच्चों का नियमित रूप से वजन लेने, पोषण ट्रैकर एप में नियमित रूप से डाटा फीड करने, सभी केंद्रों पर समय से पोषण सामग्री पहुंचाना सुनिश्चित करने और आंगनबाड़ी केंद्रों पर बिजली, पानी, शौचालय व किचन की उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित