येरेवान , नवंबर 29 -- आर्मेनिया की नेशनल असेंबली के एक सत्र के दौरान सत्ताधारी 'सिविल कॉन्ट्रैक्ट' पार्टी और विपक्षी 'स्ट्रॉन्ग आर्मेनिया' गुट के सांसदों के बीच शुरू हुई ज़ुबानी बहस पहले हाथापाई में बदली और फिर एक बड़े झगड़े का रूप ले लिया।
सांसदों ने एक-दूसरे पर लात-घूंसे चलाए और इस पूरी घटना का सीधा प्रसारण दुनियाभर में पहुंचा। संसद अध्यक्ष रूबेन रुबिन्यान ने साफ तौर पर कहा कि वह प्रसारण को नहीं रोकेंगे, ताकि जनता देख सके कि वहां क्या हो रहा है।
बाद में खबर आई कि 'सिविल कॉन्ट्रैक्ट' और 'स्ट्रॉन्ग आर्मेनिया' के सांसदों के बीच संसद कक्ष में शुरू हुई लड़ाई गलियारे तक जारी रही। बताया गया है कि इस दौरान अभद्र भाषा का इस्तेमाल भी हुआ। सुरक्षाकर्मी और कुछ सांसद काफी देर तक आपस में लड़ रहे इन लोगों को अलग नहीं कर पाए।
आर्मेनिया की संसद के सदन में हुई हाथापाई के बाद, इमारत के पास एक एम्बुलेंस पहुंची। 'स्ट्रॉन्ग आर्मेनिया' पार्टी के सांसद आंद्रानिक गेवोर्ग्यान की नाक से खून बह रहा था, जबकि सांसद रूबेन मखितार्यान के कपड़े फट गए थे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित