लखनऊ , अक्टूबर 03 -- उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि आर्थिक अभाव किसी विद्यार्थी की शिक्षा और उसके सपनों की राह में बाधा न बने, यह डबल इंजन सरकार का संकल्प है। सरकार विद्यार्थियों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराकर उनकी शिक्षा को निरंतर आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इसी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए अल्प आय वर्ग के पूर्वदशम (कक्षा 9-10) एवं दशमोत्तर कक्षाओं के 4.60 लाख से अधिक छात्र-छात्राओं के बैंक खातों में 148 करोड़ रुपये से अधिक की छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति की धनराशि का अंतरण किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि सरकार की इस पहल का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि आर्थिक कठिनाइयों के कारण किसी भी विद्यार्थी की पढ़ाई प्रभावित न हो। छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति से विद्यार्थियों को अपनी शिक्षा जारी रखने में आर्थिक सहारा मिलेगा। योगी ने कहा कि यह आर्थिक सहायता केवल विद्यार्थियों को तत्काल राहत देने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य उनकी प्रतिभा को अवसर उपलब्ध कराना और उनके भविष्य के सपनों को नई उड़ान देना भी है। उन्होंने कहा है कि सरकार शिक्षा के क्षेत्र में ऐसी योजनाओं के माध्यम से विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध करा रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में विद्यार्थियों की शिक्षा को प्राथमिकता देते हुए सरकार आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। छात्रवृत्ति और शुल्क प्रतिपूर्ति की राशि सीधे बैंक खातों में भेजे जाने से लाभार्थियों को पारदर्शी तरीके से सहायता मिल रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित