बैतूल , मई 4 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में साईंखेड़ा पुलिस ने हत्या के एक मामले का महज 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इस कार्रवाई में सीसीटीवी फुटेज और साइबर सेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

पुलिस के अनुसार 2 मई 2026 को फरियादी कविता साहू ने अपने भाई गुरूदेव साहू की मारपीट कर हत्या किए जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई और गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में विशेष टीम गठित की गई।

पुलिस ने ग्राम गौला पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी विश्लेषण और साइबर सेल की मदद से संदिग्धों की पहचान कर ग्राम गुड़ी से चेतन गोस्वामी और संदीप कवड़े को हिरासत में लिया गया, जिन्होंने पूछताछ में अपराध स्वीकार कर लिया।

जांच में सामने आया कि मृतक और मुख्य आरोपी के बीच कृषि सामान को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। 1 मई को विवाद के चलते दोनों आरोपी मृतक के खेत पहुंचे, जहां कहासुनी के बाद मारपीट हुई और आरोप है कि एक आरोपी ने मृतक को पकड़े रखा जबकि दूसरे ने गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपियों ने शव को खलिहान में ले जाकर साक्ष्य मिटाने का प्रयास किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। मामले में प्रयुक्त मोटरसाइकिल और लकड़ी की बरामदगी की कार्रवाई जारी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित