पटना , जनवरी 30 -- बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान एवं मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने शुक्रवार को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की समाधि पर पुष्प-चक्र अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।

श्री खान और श्री कुमार ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की पुण्य तिथि पर स्वतंत्रता संग्राम के हुतात्माओं की स्मृति में गांधी घाट पर आयोजित मौन श्रद्धांजलि कार्यक्रम में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की समाधि पर पुष्प-चक्र अर्पित कर महात्मा गांधी एवं हुतात्माओं को श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस मौके पर सशस्त्र पुलिस द्वारा सलामी दी गई तथा दो मिनट की शोक सलामी भी दी गयी। मुख्यमंत्री श्री कुमार ने स्वतंत्रता संग्राम के हुतात्माओं की स्मृति में मौन श्रद्धांजलि अर्पित की।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, ग्रामीण कार्य मंत्री अशोक चौधरी, कृषि मंत्री रामकृपाल यादव, जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष सह सांसद संजय कुमार झा, विधान पार्षद श्रीमती कुमुद वर्मा, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव डॉ. चन्द्रशेखर सिंह, पटना प्रमंडल के आयुक्त, अनिमेष परासर, जिलाधिकारी डॉ. त्यागराजन एस.एम, राज्य नागरिक परिषद् के महासचिव अरविन्द कुमार सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण तथा कई सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ताओं ने भी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को नमन किया और मौन श्रद्धांजलि अर्पित की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित