टिहरी , जुलाई, 17 -- उत्तराखंड में ग्रामीण महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और गांव-गांव वित्तीय जागरूकता का विस्तार करने के उद्देश्य से एसबीआई ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी), नई टिहरी में शुक्रवार को छह दिवसीय वित्तीय समावेशन (एफएल-सीआरपी) प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। आयोजित होने वाले इस प्रशिक्षण में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) से जुड़ी स्वयं सहायता समूहों की 32 महिलाएं भाग ले रही हैं।

कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। आरसेटी के निदेशक दीपक कोठियाल ने बताया कि प्रशिक्षण का उद्देश्य महिलाओं को वित्तीय रूप से सक्षम बनाना है, ताकि वे अपने-अपने क्षेत्रों में वित्तीय साक्षरता का प्रभावी प्रसार कर सकें। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित वित्तीय साक्षरता सामुदायिक संसाधन व्यक्ति (एफएल-सीआरपी) स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से ग्रामीणों को बैंकिंग, बचत और निवेश संबंधी जानकारी उपलब्ध कराएंगे।

छह दिवसीय प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों को स्मार्ट बचत, संतुलित ऋण प्रबंधन, विवेकपूर्ण व्यय, सामाजिक सुरक्षा योजनाएं, बीमा, निवेश और अन्य वित्तीय सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी जाएगी। प्रशिक्षण के बाद ये महिलाएं गांवों में वित्तीय जागरूकता फैलाने के साथ स्वयं सहायता समूहों की कार्यक्षमता और वित्तीय प्रबंधन को भी सुदृढ़ करेंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित