ऑकलैंड , नवंबर 01 -- भारत खिलाफ शुरु होने वाली वनडे सीरीज को लेकर उत्साहित न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज जैकब डफी ने रविवार को कहा कि इंडिन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरबीसी) में उनके साथी रहे विराट कोहली के खिलाफ खेलना 'शानदार' अनुभव होगा।

डफी ने रविवार को यहां मीडिया से बातचीत के दौरान कहा, "कल मेरी उनसे (कोहली से) मुलाकात हुई थी। वह जिम में थे, इसलिए वहां उनसे मिलना अच्छा रहा। वह मेरे साथ बहुत शानदार रहे हैं। भारत में उनका दर्जा लगभग एक पूजनीय हस्ती जैसा है। वह वहां के सुपरस्टार हैं। इसके बावजूद आरसीबी में उन्होंने हम सभी विदेशी खिलाड़ियों का जिस तरह स्वागत किया और स्वयं को जमीन से जुड़ा रखा, वह बहुत अच्छा था। मैं इसके लिए उनका बहुत आभारी हूं। अब जब मैं उनके साथ ड्रेसिंग रूम साझा कर चुका हूं, तो उनके खिलाफ खेलना शानदार अनुभव होगा।"डफी ने बताया कि आरसीबी में अपने समय के दौरान भारतीय पिचों की रणनीति और तकनीक को लेकर कोहली के साथ उनकी कई बातचीत हुई थीं।

उन्होंने कहा, "उनकी कार्यशैली बहुत अच्छी है। मैंने नेट्स में उन्हें बहुत गेंदबाजी की, क्योंकि वह हमेशा पहले बल्लेबाज होते थे और मैं पहला गेंदबाज। हमने नेट्स में एक-दूसरे के खिलाफ बहुत समय बिताया, इसलिए यह बहुत दिलचस्प है। लेकिन अब उन्होंने भी मुझे काफ़ी देखा है, इसलिए वह अच्छी तैयारी के साथ उतरेंगे। हम बारीक पहलुओं पर बहुत बात करते थे। भारत की कुछ खास पिचों के बारे में चर्चा होती थी। वहां की कुछ पिचें एक-दूसरे से काफी अलग होती हैं। उन्होंने बताया कि ऐसी पिचों पर किस तरह की लाइन और लेंथ से गेंदबाजी करनी चाहिए, वह स्वयं किस तरह अपनी रणनीति बदलते हैं और उन्हें लगता है कि मुझे भी किन चीजों में बदलाव करना चाहिए। उनसे मिली इस तरह की छोटी-छोटी जानकारियां बहुत महत्वपूर्ण थीं।"डफी ने हाल ही में उतार-चढ़ाव से भरी टी-20 सीरीज खेली है। वेलिंग्टन में तीसरे मैच में उन्होंने सिर्फ़ दो ओवर में 44 रन दिए थे, जहां भारत ने 40 गेंद शेष रहते 199 रन का लक्ष्य हासिल कर लिया था। लेकिन इसके बाद उन्होंने ऑकलैंड में चौथे टी-20 में 23 रन देकर चार विकेट लिए और न्यूजीलैंड को 87 रन से जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। अब उन्हें वनडे में गेंदबाज़ी के लिए स्वयं को ढालना होगा। यह ऐसा फ़ॉर्मेट है जिसे वह पसंद भी करते हैं और काफ़ी अहमियत भी देते हैं। उन्होंने अगले साल दक्षिण अफ्रीका में होने वाले वनडे विश्व कप से पहले इस सीरीज़ के महत्व पर ज़ोर दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित