अहमदाबाद , मई 30 -- आईपीएल 2026 का फ़ाइनल रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और गुजरात टाइटंस (जीटी) के बीच खेला जाएगा। जीटी अपने क़िले अहमदाबाद में उतरेगी, जहां उसका जीत प्रतिशत 63 है और यह टीम का तीसरा आईपीएल फ़ाइनल है। संयोग से उसके तीनों फ़ाइनल का वेन्यू अहमदाबाद ही रहा है। दूसरी तरफ़ आरसीबी की सबसे बड़ी ताक़त उसका सामूहिक प्रदर्शन रहा है। इस सीज़न टीम की 10 जीत में 8 अलग अलग खिलाड़ी प्लेयर ऑफ़ द मैच बने हैं। आरसीबी ने क्वालीफ़ायर 1 में जीटी को बड़े अंतर से हराया था। जीटी की टीम उस हार का बदला लेते हुए अपनी दूसरी ट्रॉफ़ी हासिल करने का प्रयास करेगी।

राशिद बनाम आरसीबी के बल्लेबाज़फ़ाइनल में जीटी की उम्मीदें एक बार फिर राशिद ख़ान पर टिकी होंगी, क्योंकि आरसीबी के कई प्रमुख बल्लेबाज़ उनके ख़िलाफ़ संघर्ष करते नज़र आए हैं। विराट कोहली ने टी 20 क्रिकेट में राशिद के ख़िलाफ़ 12 पारियों में 131 रन बनाए हैं, लेकिन तीन बार अपना विकेट भी गंवाया है। देवदत्त पड़िक्कल का रिकॉर्ड और भी कमज़ोर रहा है। उन्होंने आईपीएल में राशिद के सामने नौ पारियों में सिर्फ़ 40 रन बनाए हैं और पांच बार आउट हुए हैं। टिम डेविड भी 17 टी 20 पारियों में राशिद के ख़िलाफ़ 70 रन ही बना सके हैं, जबकि तीन बार आउट हुए हैं।

भुवनेश्वर बनाम बटलर और गिलनई गेंद से आरसीबी के लिए भुवनेश्वर कुमार सबसे बड़े हथियार साबित हो सकते हैं। जीटी के दोनों प्रमुख बल्लेबाज़ों के ख़िलाफ़ उनका रिकॉर्ड शानदार रहा है। शुभमन गिल ने आईपीएल में भुवनेश्वर के सामने 14 पारियों में सिर्फ़ 80 रन बनाए हैं और छह बार अपना विकेट गंवाया है, जबकि उनका स्ट्राइक रेट भी महज़ 101 का रहा है। वहीं जॉस बटलर का रिकॉर्ड भी ज़्यादा बेहतर नहीं है। टी 20 क्रिकेट में बटलर ने भुवनेश्वर के ख़िलाफ़ 21 पारियों में 123 रन बनाए हैं, लेकिन नौ बार आउट हुए हैं।

सिराज और रबाडा की जोड़ीआरसीबी के शीर्ष क्रम के सामने फ़ाइनल में मोहम्मद सिराज और कगिसो रबाडा की जोड़ी बड़ी चुनौती पेश कर सकती है। टी 20 क्रिकेट में कोहली ने रबाडा के सामने 17 पारियों में 131 रन बनाए हैं, लेकिन पांच बार आउट भी हुए हैं। वहीं पड़िक्कल का रिकॉर्ड सिराज के ख़िलाफ़ भी बहुत मज़बूत नहीं है। आईपीएल में दोनों की भिड़ंत की आठ पारियों में पड़िक्कल ने 45 रन बनाए हैं और तीन बार अपना विकेट गंवाया है।

फ़ाइनल में तिलस्मी रिकॉर्ड वाले हेजलवुडआईपीएल प्लेऑफ़ में जॉश हेज़लवुड ने सिर्फ़ सात पारियों में 14 विकेट लिए हैं और उनका स्ट्राइक रेट शानदार 11.6 का रहा है। सात प्लेऑफ़ पारियों में वह पांच बार दो या उससे ज़्यादा विकेट ले चुके हैं। सबसे दिलचस्प आंकड़ा उनका फ़ाइनल रिकॉर्ड है। हेज़लवुड ने अब तक खेले पांचों टी 20 फ़ाइनल और चारों वनडे फ़ाइनल जीते हैं। इनमें आईपीएल के दो फ़ाइनल भी शामिल हैं। ऐसे में आरसीबी को उम्मीद होगी कि बड़े मैचों में जीत दिलाने का उनका यह सुनहरा सिलसिला अहमदाबाद में भी जारी रहे।

गिल और साई सुदर्शन की सुपर डुपर हिट जोड़ीगिल और साई सुदर्शन ने इस सीज़न 15 पारियों में 886 रन जोड़े हैं, जो आईपीएल 2026 में किसी भी जोड़ी द्वारा सबसे ज़्यादा हैं। इस दौरान उनका औसत 63.3 और स्ट्राइक रेट 177 का रहा है, जबकि चार शतकीय और दो अर्धशतकीय साझेदारियां भी आई हैं। साझेदारी में दोनों का योगदान लगभग बराबर रहा है, लेकिन गिल ने 173 के स्ट्राइक रेट से 421 रन बनाकर थोड़ा ज़्यादा आक्रामक भूमिका निभाई है, जबकि साई ने 156 के स्ट्राइक रेट से 406 रन जोड़े हैं। आरसीबी के ख़िलाफ़ भी यह जोड़ी तीन पारियों में 187 रन बना चुकी है और अहमदाबाद में तो उनका रिकॉर्ड और भी शानदार है, जहां 23 पारियों में उन्होंने 1384 रन जोड़े हैं।

सुपर सीक्रेटआईपीएल 2026 में जब जब गिल और सुदर्शन की जोड़ी पांचवें ओवर के बाद तक साथ रही है, तब जीटी ने सात में से छह मैच जीते हैं और सिर्फ़ एक में हार का सामना किया है। इसके उलट जब यह साझेदारी पांचवें ओवर से पहले टूट गई, तब टीम का रिकॉर्ड चार जीत और चार हार का रहा है। यह आंकड़ा दिखाता है कि जीटी के लिए शुरुआती विकेट कितना बड़ा फ़ैक्टर है। फ़ाइनल में आरसीबी की कोशिश नई गेंद से गिल या साई में से किसी एक को जल्दी आउट करने की होगी।

होल्डर को दो विकेट नहीं देना हैक्वालिफ़ायर 1 और क्वालिफ़ायर 2 दोनों में जेसन होल्डर ने दो दो विकेट लिए थे। आईपीएल 2026 में होल्डर ने 10 पारियों में 17 विकेट चटकाए हैं, जो आईपीएल के किसी एक सीज़न में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। उनका इकॉनमी रेट 7.5 है, जो कम से कम 30 ओवर फेंकने वाले गेंदबाज़ों में इस सीज़न दूसरा सर्वश्रेष्ठ है। सबसे दिलचस्प बात यह है कि जब होल्डर ने दो या उससे ज़्यादा विकेट लिए हैं, तब जीटी ने छह में से पांच मैच जीते हैं। अहमदाबाद में उनका रिकॉर्ड और भी ख़तरनाक है, जहां चार पारियों में वह नौ विकेट ले चुके हैं और उनका स्ट्राइक रेट सिर्फ़ 9.3 का है। आरसीबी के ख़िलाफ़ भी उनके आंकड़े शानदार हैं। उन्होंने 10 आईपीएल पारियों में 16 विकेट लिए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित