जयपुर 16 जून (वार्ता) राजस्थान क्रिकेट संघ (आरसीए) ने भारतीय क्रिकेट नियंत्रण बोर्ड ( बीसीसीआई) के आगामी घरेलू क्रिकेट सत्र के विभिन्न आयु वर्ग की प्रतियोगिताओं में भाग लेने वाली राजस्थान टीम के संभावितों के चयन के लिए आरसीए सीनियर एवं जूनियर पुरुष चयन कमेटी का गठन कर दिया हैं।
आरसीए एडहॉक कमेटी संयोजक डॉ मोहित जसवंत यादव ने बताया कि बीसीसीआई की विभिन्न्न आयुवर्ग की पुरुष प्रतियोगिताओं की पूर्व तैयारियों के लिए आरसीए द्वारा राज्य स्तरीय सीनियर, अंडर 23 , अंडर 19 , अंडर 16 एवं अंडर 14 प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियां आयोजित की जायेगी तथा प्रतियोगिताओं में खिलाडियों की प्रतिभा, प्रदर्शन को देखने एवं उनका गहन समीक्षा कर आरसीए सीनियर एवं जूनियर पुरुष चयन कमेटी राजस्थान टीम के संभावतों का चयन करेगी।
एडहॉक सदस्य धनंजय सिंह खींवसर ने बताया कि आरसीए एडहॉक कमेटी ने इस कमेटी गठन के लिए राज्य की पूर्व खिलाडियों से ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किये थे जिसमे से चयन कमेटी का सदस्य बनने के सभी मापदंडों को पूर्ण करने वाले आवेदकों को पूर्ण पारदर्शी रूप से साक्षात्कार के लिए बुलाया गया और सभी प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद मंगलवार को आरसीए एडहॉक कमेटी ने सर्वसम्मति से बीसीसीआई घरेलू क्रिकेट सत्र 2026 -27 के लिए राजस्थान सीनियर एवं जूनियर पुरुष चयन कमेटी का गठन किया।
एडहॉक कमेटी सदस्य आशीष तिवाड़ी ने बताया कि आरसीए एडहॉक कमेटी राज्य के युवा प्रतिभावान खिलाडियों को एक पूर्ण पारदर्शी, सुदृढ़ खेल वातावरण एवं चयन प्रक्रिया को प्रदर्शन के अनुरूप पूर्ण सुरक्षित प्लेटफार्म उपलब्ध करना चाहती है जिसके लिए कमेटी ने चयन कमेटी में अनुभवी एवं युवा चयनकर्ताओं को विशेष रूप से महत्व दिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित