जयपुर , अप्रैल 30 -- राजस्थान क्रिकेट संघ (आरसीए) एडहॉक कमेटी ने राज्य के सभी आयु वर्ग के खिलाडियों के टीए-डीए में सौ प्रतिशत वृद्धि की हैं।
आरसीए एडहॉक संयोजक डॉ मोहित जसवंत यादव , सदस्य धनंजय सिंह खींवसर, आशीष तिवाड़ी, अर्जुन मेघवाल , अरिष्ट सिंघवी ने सर्वसम्मति से आरसीए द्वारा आयोजित की जाने वाली सभी आयु वर्ग की पुरुष एवं महिला राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिताओं एवं गतिविधियों में भाग लेने वाले राज्य के सभी पुरुष एवं महिला खिलाडियों के टीए-डीए में सौ प्रतिशत की बढ़ोतरी का निर्णय लिया है। इस निर्णय से राज्य के युवा खिलाडियों का मनोबल बढ़ेगा जिससे खेल के प्रति उनमे ज्यादा से ज्यादा उत्साह का संचार होगा।
श्री संघवी ने बताया कि इसके साथ ही आरसीए के घरेलू क्रिकेट सत्र 2026-27 से पुरुष एवं महिला प्रतियोगिताओं को नया स्वरूप दिया जा रहा है। राज्य स्तरीय सीनियर महिला क्रिकेट में लीग स्तर के मैच टी20 फॉर्मेट के होंगे एवं प्रतियोगिता के नॉक आउट मैच एक दिवसीय फॉर्मेट में आयोजित होंगे।
पिछले सत्र में राज्य स्तरीय सीनियर महिला क्रिकेट प्रतियोगिता टी20 फॉर्मेट में खेली गयी थी, आरसीए एडहॉक द्वारा प्रतियोगिता के नॉक आउट दौर के सभी मैच एक दिवसीय फॉर्मेट में आयोजित करने से खिलाडियों को अपना प्रदर्शन दिखने के लिए उचित प्लेटफार्म मिलेगा। राज्य स्तरीय अंडर-16 प्रतियोगिता अब लीग स्तर से ही मल्टी डेज फॉर्मेट में खेली जाएगी। राज्य स्तरीय अंडर-14 प्रतियोगिता अब ( हाईब्रिड फॉर्मेट ) में खेली जाएगी जिसमे लीग एक दिवसीय व नॉक आउट मल्टी डेज फॉर्मेट में होंगे।
आरसीए एडहॉक कमेटी राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं के आयोजन में जिला क्रिकेट संघो की सहभागिता को बढ़ाने के लिए प्रयासरत है। इसी कड़ी में आरसीए की राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिताओं का आयोजन एक-दो जिलों से बढाकर उपलब्धता के अनुसार विभिन्न जिला क्रिकेट संघ केंद्रों पर किया जायेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित