जयपुर , जून 26 -- राजस्थान क्रिकेट संघ (आरसीए) की वार्षिक साधारण सभा में शुक्रवार को नागौर जिला क्रिकेट संघ की सदस्यता से निष्कासन एवं भरतपुर जिला संघ के निलंबन पर मोहर लगा दी गई।
आरसीए एडहॉक कमेटी संयोजक डॉ मोहित जसवंत यादव की अध्यक्षता में आरसीए अकादमी पर संपन्न इस एजीएम में इसके साथ ही एक कमेटी का गठन कर भरतपुर जिला क्रिकेट संघ सचिव पर लगे महिला प्रताड़ित के आरोपों सहित जिला क्रिकेट संघ के कार्यों की 25 दिन में जाँच कर आरसीए एडहॉक कमेटी को रिपोर्ट सौंपने पर सभी उपस्थित जिला संघ प्रतिनिधियों ने सर्वसम्मति से स्वीकृत किया।
डॉ यादव ने बताया कि बैठक में मुख्य रूप से लिए गए निर्णय में आरसीए के वार्षिक बजट 2026 -27 की स्वीकृति,राज्य के प्रतिभावान खिलाडी मानव सुथार को भारतीय टेस्ट टीम का प्रतिनिधित्व करने पर आरसीए ने उन्हें सम्मानित करने का फैसला करते हुए 11 लाख रूपये की इनामी राशि देने का निर्णय किया।
राज्य के सभी जिला क्रिकेट संघो को खेल गतिविधियों के लिए वार्षिक अनुदान को पांच लाख रूपये से बढाकर 12 लाख रूपये देने का भी निर्णय किया गया। इसी तरह आरसीए सचिव /संयोजक की वर्ष 2025 -26 रिपोर्ट की स्वीकृति , आरसीए कोषाध्यक्ष एवं संयोजक की वर्ष 2025 -26 की स्वीकृति , आरसीए अकाउंट्स 2025-26 को स्वीकृति , आरसीए लोकपाल को हटाने एवं नए लोकपाल की नियुक्ति के लिए एडहॉक कमेटी को अधिकृत किया गया।
कमेटी के सदस्य आशीष तिवाड़ी ने बताया कि बैठक में आरसीए के जयपुर में निर्माणाधीन अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम व उदयपुर में स्टेडियम के निर्माण की रुपरेखा तैयार करने व सभी सम्बंधित सहयोगियों से संपर्क कर सभी गतिरोधों को दूर कर जल्द से जल्द निर्माण को धरातल पर लाने की प्रक्रिया शुरू करने के लए सभी सदस्यों ने आरसीए एडहॉक कमेटी को अधिकृत किया।
श्री तिवाड़ी के अनुसार आरसीए एडहॉक कमेटी का लक्ष्य है की जल्द से जल्द हम राज्य के सभी जिलों में क्रिकेट मैदान का निर्माण कर राज्य के युवाओं को एक सुनहरा भविष्य देना चाहते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित