उज्जैन , जुलाई 16 -- पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और ड्यूटी पर तैनात टिकट जांच स्टाफ की सतर्कता से शांति एक्सप्रेस में यात्रा के दौरान खोया लगभग तीन लाख रुपये मूल्य का सोने का मंगलसूत्र बरामद कर उसके वास्तविक स्वामी को सौंप दिया गया।

रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने आज बताया कि 15 जुलाई को ट्रेन संख्या 19310 शांति एक्सप्रेस से देवास से रतलाम की यात्रा कर रहे लक्ष्य ताम्रकार ने रेल मदद पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी कि यात्रा के दौरान उनकी पत्नी का सोने का मंगलसूत्र गुम हो गया है।

शिकायत मिलते ही रतलाम आरपीएफ पोस्ट के सहायक उप निरीक्षक विजेंद्र सिंह तोमर ने शिकायतकर्ता से संपर्क कर घटना की जानकारी ली। इसके बाद आरपीएफ कंट्रोल के माध्यम से संबंधित ट्रेन के ड्यूटी पर तैनात टिकट जांच स्टाफ को सूचना देकर संबंधित कोच की जांच कराई गई तथा अगले स्टेशन पर विशेष तलाशी के निर्देश दिए गए।

ट्रेन के मेघनगर स्टेशन पहुंचने पर आरपीएफ के सहायक उप निरीक्षक सुभाष चंद्र पाल ने ट्रेन की जांच की। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात टीटीई गोपाल लाल मीणा को कोच में मिला सोने का मंगलसूत्र आरपीएफ को सौंप दिया।

इसके बाद शिकायतकर्ता को मंगलसूत्र मिलने की सूचना दी गई। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद 16 जुलाई को रेलवे सुरक्षा बल, मेघनगर ने लगभग तीन लाख रुपये मूल्य का मंगलसूत्र उसके वास्तविक स्वामी लक्ष्य ताम्रकार को सौंप दिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित