रेवाड़ी , सितंबर 16 -- हरियाणा की स्वास्थ्य, आयुष एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री आरती सिंह राव ने कहा कि स्वस्थ नागरिक ही विकसित भारत के सपने को साकार कर सकते हैं। उन्होंने लोगों से अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखने और मादक पदार्थों से दूर रहने का आह्वान किया।

स्वास्थ्य मंत्री बुधवार को रेवाड़ी जिले के महेश्वरी गांव में जनसभा को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने नशामुक्त हरियाणा अभियान शुरू किया है। इसके तहत हाल ही में रेवाड़ी में विशाल मैराथन का आयोजन किया गया था। उन्होंने जिले के नागरिकों से हरियाणा को नशामुक्त बनाने में सक्रिय योगदान देने की अपील की।

सुश्री राव ने कहा कि 'नॉन-स्टॉप हरियाणा' की परिकल्पना के तहत प्रदेश में विकास कार्यों को गति दी जा रही है। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में सभी जिलों में करोड़ों रुपये के विकास कार्य करवाए गए हैं, जिसका लाभ दक्षिण हरियाणा को भी मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद नायब सिंह सैनी ने सभी जिला अस्पतालों में मुफ्त डायलिसिस की सुविधा शुरू की। सरकारी अस्पतालों को आधुनिक चिकित्सा उपकरणों से लैस किया जा रहा है, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत किया जा सके।

इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री ने महेश्वरी गांव में 40 लाख रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन किया। इसके बाद उन्होंने मीरपुर गांव में ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित