रायपुर , अक्टूबर 02 -- छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने रायपुर विकास प्राधिकरण (आरडीए) की जमीन के आवंटन को लेकर चल रहे विवाद पर राज्य सरकार और मंत्री केदार कश्यप को निशाने पर लेते हुए उनके परिवार से जुड़े पुराने परीक्षा प्रकरण का जिक्र किया। उन्होंने इसके साथ ही महंगाई, आयुष्मान योजना, महानदी जल विवाद, नगर निगम और धर्मांतरण के मुद्दे पर भी सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
श्री बघेल ने गुरुवार सुबह मीडिया से बातचीत में आरडीए जमीन आवंटन से संबंधित सवाल पर कहा कि केदार कश्यप ऐसे मामलों में पहले भी घिर चुके हैं। उन्होंने पिछली सरकार के दौरान श्री कश्यप की पत्नी से जुड़े परीक्षा विवाद का उल्लेख करते हुए आरोप लगाया कि पत्नी की जगह किसी अन्य महिला के परीक्षा देने का मामला सामने आने के बाद इसे "ले-देकर खत्म कर दिया गया।" उन्होंने मौजूदा आरडीए विवाद को भी इसी संदर्भ से जोड़ते हुए सरकार पर तंज कसा। वर्ष 2015 में श्री कश्यप की पत्नी की जगह दूसरी महिला के परीक्षा देने का मामला सामने आया था।
आरडीए की लाभांडी-कचना-सड्डू नगर विकास योजना में जमीन के पुनर्गठन और आवंटन को लेकर कांग्रेस ने मंत्री केदार कश्यप की पत्नी से जुड़ी कंपनी को लाभ पहुंचाने का आरोप लगाया है। आरडीए ने हालांकि आवंटन प्रक्रिया को नियमों के तहत बताते हुए दावा-आपत्तियों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की बात कही है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने रसोई गैस और दूध की कीमतों में बढ़ोतरी को लेकर भी सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल, एलपीजी और दूध के दाम बढ़ने से आम लोगों पर महंगाई का असर बढ़ रहा है तथा सरकार को इसे नियंत्रित करने के लिए कदम उठाने चाहिए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित