मोतिहारी , अक्टूबर 16 -- िहार में पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी नगर थाना क्षेत्र स्थित बलुआ आजाद नगर में एक आवास से जमीन और एलआईसी से संबंधित कागजात तथा जेवरात ले जाए जाने के मामले में पुलिस ने विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में आवास में प्रवेश करने वाले व्यक्ति अनिल कुमार गुप्ता से पूर्व परिचित प्रतीत हुए हैं। मामले की वास्तविक प्रकृति और इसमें शामिल लोगों की भूमिका स्पष्ट करने के लिए छानबीन की जा रही है।पुलिस अधीक्षक कार्यालय की ओर से 15 अक्टूबर को जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, अनिल कुमार गुप्ता ग्रामीण कार्य विभाग (आरडब्ल्यूडी) में कैशियर के पद पर कार्यरत हैं और अपने परिवार के साथ बलुआ आजाद नगर स्थित आवास में रहते हैं।
पुलिस को बुधवार शाम करीब 5:15 बजे सूचना मिली कि उनके आवास से कुछ लोग जमीन, एलआईसी से संबंधित कागजात और जेवरात लेकर चले गए हैं। सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सदर-1 के नेतृत्व में एसआईटी गठित की गई। एसआईटी ने नगर थाना और जिला आसूचना इकाई की टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन की।
प्रारंभिक जांच में पता चला कि शाम करीब 4:30 बजे कुछ व्यक्ति अनिल कुमार गुप्ता के आवास पर पहुंचे थे। उन्होंने उनकी पत्नी से अनिल कुमार गुप्ता से संबंधित एक फाइल पर हस्ताक्षर कराने की बात कही। इसके बाद घर से जमीन और एलआईसी से जुड़े कागजात तथा जेवरात ले जाए जाने की बात सामने आई।
पुलिस के अनुसार , प्रारंभिक जांच में आवास में प्रवेश करने वाले व्यक्ति अनिल कुमार गुप्ता से पूर्व परिचित प्रतीत हो रहे हैं। हालांकि, घटना की वास्तविक प्रकृति, संबंधित व्यक्तियों की भूमिका और पूरे घटनाक्रम की पुष्टि के लिए पुलिस गहन छानबीन कर रही है। साक्ष्य संकलन और अन्य पहलुओं की जांच जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित