बैतूल , अगस्त 07 -- मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में भोपाल-बैतूल राष्ट्रीय राजमार्ग पर गुरुवार दोपहर आरटीओ कार्यालय से संबद्ध बताए जा रहे एक वाहन की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों के मोबाइल फोन से फोटो और वीडियो हटवाने के आरोप भी सामने आए हैं। पुलिस ने वाहन जब्त कर चालक को हिरासत में लेते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
कोतवाली थाना प्रभारी देवकरण डहरिया ने बताया कि दुर्घटना भारत भारती के पास हुई। हादसे में हमलापुर निवासी मुकेश पांसे (28) की मौत हो गई, जबकि सुरेंद्र करचुले (25) और आकाश मदन (26) घायल हो गए। दोनों घायलों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है और उनकी स्थिति सामान्य बताई जा रही है।
पुलिस के अनुसार तीनों युवक मालामझिरी से बैतूल लौट रहे थे। इसी दौरान सामने से आए वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। घटना के बाद पुलिस ने वाहन जब्त कर चालक को हिरासत में लिया और मामले की जांच शुरू कर दी।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुर्घटना में शामिल वाहन प्रवीण तिवारी के नाम पर पंजीकृत है, लेकिन उसका उपयोग बैतूल क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (आरटीओ) के कार्यों में किया जा रहा था। इस बीच कुछ सूत्रों ने दावा किया कि दुर्घटना के समय बैतूल के आरटीओ अनुराग शुक्ला भी वाहन में मौजूद थे। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में किसी भी प्रकार की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि मौके पर मौजूद कुछ कर्मचारियों ने प्रत्यक्षदर्शियों के मोबाइल फोन से दुर्घटना से संबंधित फोटो और वीडियो हटवाने का प्रयास किया। थाना प्रभारी ने बताया कि इन आरोपों की भी जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस ने मर्ग कायम कर दुर्घटना के कारणों, प्रत्यक्षदर्शियों के आरोपों तथा वाहन के उपयोग से जुड़े सभी पहलुओं की जांच शुरू कर दी है। जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित