धार , मई 27 -- मध्यप्रदेश के धार जिले में शासकीय अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ अभद्रता तथा हमला करने के दो अलग-अलग मामले सामने आए हैं। पुलिस ने दोनों मामलों में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पहले मामले में जिला मुख्यालय स्थित आरटीओ कार्यालय में बस जब्त किए जाने से नाराज दो बस मालिकों द्वारा आरटीओ अधिकारी के साथ अभद्र व्यवहार और धमकी देने का मामला सामने आया है।
कोतवाली थाना पुलिस के अनुसार कैलाश नगर निवासी आरटीओ कार्यालय कर्मचारी मधुकर सिसोदिया ने शिकायत दर्ज कराई कि नियमों का उल्लंघन करने पर दो बसों को जब्त किया गया था। इससे नाराज होकर सरदारपुर निवासी सईद खान और उसका पुत्र ईशाक खान आरटीओ कार्यालय पहुंचे और शासकीय कार्य में बाधा डालते हुए गाली गलौज की तथा जान से मारने की धमकी दी।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। दूसरा मामला अमझेरा थाना क्षेत्र के ग्राम कपास्थल का है, जहां जमीन सीमांकन करने पहुंची राजस्व विभाग की टीम पर हमला किए जाने का आरोप है।
फरियादी पटवारी कृष्णपालसिंह मंडलोई ने पुलिस को बताया कि वह नायब तहसीलदार के आदेश पर ग्राम कपास्थल में जमीन का सीमांकन करने पहुंचे थे। उनके साथ अन्य पटवारी और गांव का चौकीदार भी मौजूद था।
आरोप है कि इसी दौरान गांव के हरीओम चौधरी और उसके पिता पप्पू चौधरी वहां लाठी डंडे लेकर पहुंचे और राजस्व टीम के साथ मारपीट का प्रयास किया। साथ ही जातिसूचक गालियां भी दी गईं। पुलिस ने मामले में प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ कर दी है। कर्मचारियों ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए सरदारपुर एसडीएम कार्यालय में ज्ञापन भी सौंपा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित