जयपुर , मई 06 -- शिक्षा का अधिकार (आरटीई) के तहत सत्र 2026-27 में चयनित करीब 1.90 लाख बच्चों को 50 दिन बीत जाने के बावजूद अब तक विद्यालयों में प्रवेश नहीं मिलने को लेकर गुरुवार को राजस्थान की राजधानी जयपुर में शिक्षा संकुल पर विरोध प्रदर्शन किया जायेगा।

संयुक्त अभिभावक संघ के प्रदेश प्रवक्ता अभिषेक जैन बिट्टू ने बताया कि राज्य सरकार एवं शिक्षा विभाग की उदासीनता तथा निजी विद्यालयों की मनमानी के विरोध में गुरुवार को पूर्वाह्न 11 बजे संयुक्त अभिभावक संघ के तत्वावधान में शिक्षा संकुल के मुख्य द्वार पर बड़ा विरोध प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में पीड़ित अभिभावक एवं पात्र विद्यार्थी शामिल होंगे।

श्री बिट्टू ने बताया कि आरटीई के तहत सत्र 2026-27 में चयनित करीब 1.90 लाख बच्चों को 50 दिन बीत जाने के बावजूद अब तक विद्यालयों में प्रवेश नहीं मिला है और न ही उन्हें उनका शिक्षा का अधिकार प्राप्त हो सका है, जिससे प्रदेशभर के अभिभावकों में भारी आक्रोश व्याप्त है।

उन्होंने बताया कि चयन प्रक्रिया पूरी होने के लगभग 50 दिन बाद भी प्रवेश नहीं मिलना न केवल बच्चों के शिक्षा अधिकार का हनन है, बल्कि यह देश के संविधान का भी स्पष्ट उल्लंघन है। पिछले 50 दिनों से प्रदेशभर के अभिभावक लगातार परेशान हो रहे हैं और जिम्मेदार अधिकारियों को कई बार शिकायतें दर्ज करवा चुके हैं। यहां तक कि शिक्षा मंत्री मदन दिलावर तक भी अपनी बात पहुंचाई जा चुकी है, इसके बावजूद कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित