पटना , अप्रैल 14 -- शिक्षा का अधिकार कानून (आरटीई) के तहत राज्य के निजी विद्यालयों में करीब 57 हजार से अधिक बच्चों का नामांकन कराया जा चुका है।

विभाग ने नामांकन करने में उदासीनता बरतने वाले निजी विद्यालय संचालकों को शीघ्र नामांकन करने का आदेश दिया है।

गौरतलब है कि राज्य सरकार ने आरटीई के तहत निजी विद्यालयों में गरीबी रेखा से नीचे जीवन यापन करने वाले परिवार के बच्चों का नामांकन करने के लिए ऑनलाइन आवेदन मांगा गया था। इसके बाद शिक्षा विभाग ने रैंडमाइजेशन के माध्यम से 64759 बच्चों का नामांकन कराने के लिए निजी विद्यालय आवंटित किये गए थे।

विभाग के आंकड़ों के अनुसार अबतक राज्य में 57 हजार से अधिक बच्चों का निजी विद्यालयों में नामांकन कराया जा चुका है। वहीं निजी विद्यालयों में शेष बच्चों का नामांकन लंबित रखने को विभाग ने गंभीरता से लिया है। बताया जाता है कि पिछले सप्ताह हुई समीक्षा बैठक में निदेशक प्राथमिक शिक्षा ने संबंधित स्कूल संचालकों को शीघ्र नामांकन दाखिल करने का निर्देश दिया है, जिससे बच्चों की पढ़ाई ससमय प्रारंभ हो सकें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित