जालंधर , मई 30 -- पंजाब में जालंधर के आरटीआई कार्यकर्ता सिमरनजीत सिंह की शनिवार को जालंधर-लुधियाना राष्ट्रीय राजमार्ग पर फगवाड़ा के गांव चहेड़ू स्थित लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) के लॉ गेट के बाहर अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी।
पुलिस सूत्रों के अनुसार हमलावरों ने सिमरनजीत सिंह पर नजदीक से गोलियां चलाईं जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गयी। घटना को अंजाम देने के बाद बाइक सवार दो युवक मौके से फरार हो गए।
बताया जा रहा है कि करीब एक वर्ष पहले भी जालंधर के मॉडल टाउन स्थित एक जिम के बाहर उन पर हमला हुआ था, लेकिन उस समय वह बच गए थे। पुलिस ने पहले सुरक्षा के तौर पर उन्हें दो गनमैन उपलब्ध कराए थे, हालांकि घटना के समय वह कथित तौर पर बिना सुरक्षा के मौजूद थे।
जालंधर के आदर्श नगर क्षेत्र के निवासी सिमरनजीत सिंह पिछले एक दशक से अधिक समय से विभिन्न मामलों में पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय , पंजाब पुलिस और प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के समक्ष शिकायतें और याचिकाएं दाखिल करते रहे थे। उन्होंने कुछ मामलों से जुड़े दस्तावेज ईडी को भी उपलब्ध कराए थे।
जालंधर रेंज के डीआईजी नवीन सिंगला ने बताया कि हत्या की सूचना मिलते ही सतनामपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल से एक .32 बोर पिस्तौल बरामद की गई है, जबकि पास में खड़ी एक फॉर्च्यूनर गाड़ी से .12 बोर राइफल भी बरामद हुई है।
पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं, जिनमें काउंटर इंटेलिजेंस की टीमें भी शामिल हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर हमलावरों की पहचान करने में जुटी हुई है। अधिकारियों के अनुसार, हत्या के पीछे के कारणों और संभावित आपराधिक संबंधों की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित