जयपुर , फरवरी 15 -- राजस्थान में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने राजस्थान सरकारी स्वास्थ्य योजना (आरजीएचएस) में अनियमितताओं के मामलों में सख्त कार्रवाई करते हुए आठ और कार्मिकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया है।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार आरजीएचएस योजना के अनियमितताओं के प्रकरणों में करीब 19 एफआईआर की जा चुकी है तथा अस्पतालों, फार्मेसी एवं अन्य हितधारकों से करीब 39 करोड़ रुपये की वसूली की गई है। आगे भी यह कार्रवाई जारी रहेगी। आरजीएचएस में अनियमितताओं के मामलों में इन आठ कार्मिकों सहित अब तक 72 कार्मिकों को निलंबित कर दिया गया है।

इससे पहले हाल में आरजीएचएस योजना में अनियमितताएं करने पर सात चिकित्सकों को निलंबित किया गया था और एक अस्पताल एवं एक डायग्नोस्टिक सेंटर के विरूद्ध एफआईआर दर्ज करवाई गई थी। अब प्राथमिक जांच में पाया गया कि आठ कार्मिकों ने आरजीएचएस योजना के तहत उपलब्ध सुविधाओं, कार्ड तथा राजकीय धनराशि का दुरुपयोग किया है। यह कृत्य सेवा आचरण नियमों का उल्लंघन होने के साथ राजकीय संसाधनों के दुरुपयोग की श्रेणी में आता है। इसे देखते हुए इन कार्मिकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित