देवरिया , अगस्त 06 -- जुलाई 2026 की आईजीआरएस रैंकिंग में देवरिया जिले के चार प्रकरणों को सी श्रेणी मिलने पर जिलाधिकारी मधुसूदन हुलगी ने कड़ा रुख अपनाते हुए गुणवत्तापूर्ण निस्तारण न करने वाले अधिकारियों के विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए संबंधित नियंत्रक अधिकारियों को पत्र जारी किया है।

आधिकारिक प्रवक्ता ने यहां गुरुवार को बताया कि लर्निंग लाइसेंस की प्रिंटिंग में विलंब के मामले में सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी द्वारा स्पष्ट आख्या न देने पर आईजीआरएस कमांड सेंटर ने निस्तारण को अपूर्ण एवं भ्रामक माना। इस पर कार्रवाई के निर्देश दिए गये हैं।

इसी तरह विद्युत दुर्घटना में मृतक के आश्रितों को आर्थिक सहायता की शिकायत में केवल औपचारिक आख्या देने पर अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड गौरीबाजार, स्थायी विद्युत विच्छेदन की शिकायत में पुनः जांच न करने पर अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड देवरिया और बिजली बिल की राशि गलत डिस्कॉम में जमा होने के मामले में एक वर्ष से समस्या हल न करने पर अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड सलेमपुर एवं उपायुक्त एनआरएलएम के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गये हैं।

श्री हुलगी ने कहा कि आईजीआरएस शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही, औपचारिकता या गुणवत्ताहीन आख्या स्वीकार नहीं होगी। सभी प्रकरणों में साक्ष्य सहित तथ्यपरक आख्या समय से प्रस्तुत की जाय। अन्यथा कठोर कार्रवाई होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित