अलवर , मार्च 11 -- राजस्थान में अलवर जिले के रामगढ़ कस्बे में बनाए जा रहे रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी) के निर्माण के विरोध में व्यापारियों ने उपखंड अधिकारी (एसडीएम) बाबूलाल वर्मा को बुधवार को ज्ञापन सौंपा।

अलवर के रामगढ़ कस्बे में प्रस्तावित रेलवे ओवरब्रिज के विरोध में कस्बे के समस्त व्यापारियों ने एकजुट होकर श्री वर्मा को केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, केंद्रीय मंत्री भूपेन्द्र यादव और रामगढ़ विधायक सुखवंत सिंह के नाम ज्ञापन सौंपा। व्यापारियों ने कहा कि रामगढ़ रेलवे फाटक पर रेलवे ओवरब्रिज बनाया गया तो इससे कस्बे के बाजार और आसपास के व्यापार पर भारी संकट खड़ा हो जाएगा।

व्यापारी रमेश चंद, मनीष खंडेलवाल और अनिल जैन ने बताया कि प्रस्तावित रेलवे पुल बनने से पुल के दोनों ओर स्थित कई मकान और दुकानें तोड़नी पड़ेंगी। इससे राष्ट्रीय राजमार्ग -248 के आसपास बने ढाबे, दुकानें और मकान उजड़ जाएंगे, जिससे सेंकड़ों परिवारों की रोजी-रोटी पर संकट आ सकता है। व्यापारियों का कहना है कि वर्षों से चल रहा बाजार पूरी तरह प्रभावित हो जाएगा और कई लोग बेरोजगार हो सकते हैं।

व्यापारियों ने सरकार से मांग की है कि रामगढ़ कस्बे के बाहर से बाईपास रोड निकाला जाए, ताकि भारी वाहनों का दबाव भी कम हो और कस्बे के बाजार एवं लोगों के मकान-दुकान भी सुरक्षित रह सकें। साथ ही उन्होंने रेलवे फाटक पर ओवरब्रिज की जगह अंडरपास बनाने की मांग रखी, जिससे यातायात व्यवस्था भी सुचारू रहे और बाजार का ध्वस्तीकरण भी न हो।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित