जयपुर , जून 03 -- राजस्थान पुलिस की आर्म्ड बटालियन में तैनात अधिकारियों और कर्मचारियों के मनोबल को नयी ऊर्जा देने के लिए बुधवार को एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें पुलिस विभाग में विभिन्न क्षेत्रों में सराहनीय कार्य करने वाले आरएसी के 128 पुलिसकर्मियों की पीठ थपथपाई गयी।

इन पुलिसकर्मियों को उनके बेहतरीन प्रदर्शन के लिए पुलिस मुख्यालय आमंत्रित किया गया, जहां उच्चाधिकारियों ने उनसे संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के दौरान आरएसी के जवानों को उनकी दो अलग-अलग श्रेणियों में की गयी विशिष्ट सेवाओं के लिए बधाई दी गयी। 116 पुलिसकर्मियों को खेल, प्रशिक्षण, रिजर्व पुलिस लाइन प्रबंधन, सामान्य प्रशासन और कल्याणकारी कार्यों में सुधार के लिए महानिदेशक पुलिस प्रशस्ति डिस्क एवं प्रशस्ति रोल हेतु चयनित किया गया है। आज के कार्यक्रम में इन सभी को उनके इन सराहनीय प्रयासों के लिए विशेष रूप से सराहा गया।

बटालियन में घुड़सवार और बैंड दल में पदस्थापित 12 पुलिसकर्मियों को उनके उत्कृष्ट कार्यों के लिए 5100-5100-रुपये नकद इनाम और प्रशंसा पत्र प्रदान किए जाने की घोषणा के साथ ही आज उनकी हौसला अफजाई की गयी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित