कोच्चि , सितंबर 29 -- राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के वरिष्ठ प्रचारक, सांस्कृतिक आयोजक और मलयालम साप्ताहिक 'केसरी' के पूर्व संपादक एम ए कृष्णन का मंगलवार को यहां अमृता अस्पताल में इलाज के दौरान निधन हो गया।

वह 97 साल के थे।

कोल्लम जिले के अयिराकारा में 17 जनवरी, 1929 को जन्मे श्री कृष्णन, करिमपिनपुझा मारवुथोट्टथिल की लक्ष्मीयम्मा और अयिराकारा मंगलथु के पद्मनाभन के बेटे थे। उन्होंने कुझिक्कलिदावका जीवीएसएचएस से शास्त्री परीक्षा पास की और बाद में तिरुवनंतपुरम के महाराजा संस्कृत कॉलेज से तर्कशास्त्र (लॉजिक) में 'महोपाध्याय' की योग्यता हासिल की।

श्री कृष्णन आरएसएस में एक प्रमुख हस्ती थे , जिन्हें लोग प्यार से "एमएस सर" कहते थे। उन्होंने केरल में कई सांस्कृतिक, साहित्यिक, शैक्षिक और सामाजिक पहलों , खासकर बच्चों से जुड़ी और भारतीय सांस्कृतिक परंपराओं को बढ़ावा देने वाली पहलों में अहम भूमिका निभायी।वह 'बालगोकुलम' और 'तपस्या कला साहित्य वेदी' के संस्थापकों और मार्गदर्शकों में से एक थे। साथ ही वह 'अमृतभारती', 'बालसंस्कार केंद्रम', 'बालसाहित्य प्रकाशन', 'इंटरनेशनल श्रीकृष्ण केंद्र' और बच्चों के अधिकारों की सुरक्षा के लिए काम करने वाली संस्था 'सौरक्षिका' जैसी पहलों से भी जुड़े थे। उन्होंने लंबे समय तक आरएसएस के केरल प्रांत बौद्धिक प्रमुख और प्रचार प्रमुख के तौर पर, और 'केसरी' के संपादक के तौर पर सेवाएं दी1 उन्होंने अपने जीवन के आखिरी साल एर्नाकुलम के एलामक्कारा में स्थित आरएसएस के दक्षिण केरल मुख्यालय 'माधव निवास' में बिताये।

कोट्टायम ज़िले के वाज़ूर हाई स्कूल में लगभग एक साल तक अध्यापक के तौर पर काम करने के बाद उन्होंने नौकरी छोड़ दी और 1954 में आरएसएस प्रचारक बन गये। वह 1947 में आरएसएस की शाखा से जुड़े थे और स्वामी आगमानंद और स्वामी विवेकानंद की शिक्षाओं से प्रभावित थे। प्रचारक के तौर पर उन्होंने कोट्टायम, एर्नाकुलम, अलाप्पुझा और कोल्लम ज़िलों में काम किया।

वर्ष 1964 में वे 'केसरी' के संपादक बने और 1990 तक इसके मुख्य संपादक रहे। उनके कार्यकाल के दौरान, इस साप्ताहिक पत्रिका ने केरल के मंदिरों, सांस्कृतिक केंद्रों, मशहूर हस्तियों और ऐतिहासिक शख्सियतों के बारे में अपनी कवरेज बढ़ायी। इस दौरान कई जाने-माने विद्वानों और लेखकों, जिनमें इतिहासकार एम.जी.एस. नारायणन और के.के.एन. कुरुप शामिल थे, ने 'केसरी' में योगदान दिया।

साप्ताहिक पत्रिका ने मालाबार के उन मंदिरों पर सीरीज़ छापी जिन्हें, पत्रिका के अनुसार, टीपू सुल्तान के हमलों के दौरान नष्ट कर दिया गया था और साथ ही कथित तौर पर धर्म परिवर्तन की कोशिशों पर भी रिपोर्ट दी। "निलायुडे इतिहासम" (निला नदी का इतिहास) नाम के एक विशेष अंक के ज़रिए श्री कृष्णन ने भरतपुझा नदी के अस्तित्व पर मंडरा रहे खतरों की ओर भी ध्यान दिलाया।

संपादक के तौर पर अपने कार्यकाल के दौरान ही श्री कृष्णन ने 'बालगोकुलम' और 'तपस्या कला साहित्य वेदी' को विकसित करने में अहम भूमिका निभायी। वह 1967 में कोझिकोड में हुए भारतीय जनसंघ के राष्ट्रीय सम्मेलन से भी जुड़े थे और उन्होंने "शाकल्यन" उपनाम से इस कार्यक्रम की कवरेज की थी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित